छत्तीसगढ़

मांगों को लेकर नर्सिंग स्टाफ ने खोला मोर्चा

Nursing staff launch protest over their demands

रायपुर । छत्तीसगढ़ चिकित्सा शिक्षा विभाग के 10 मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग स्टाफ का अनिश्चितकालीन आंदोलन बुधवार से शुरू हो गया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के बैनर तले नियमित, संविदा और डेली वेजेस पर काम करने वाले नर्सिंग कर्मचारी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

आंदोलन रोज सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चलेगा। संघ की प्रमुख मांग साल 2018 में गठित कमेटी की रिपोर्ट लागू करने, संविदा, डेली वेजेस और एनएचएम कर्मचारियों को नियमित करने के साथ नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड-पे का आदेश जारी करने की है।

आंदोलन की पहले ही दी थी सूचना

संघ पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय को आंदोलन की सूचना दी थी। विभाग की ओर से बताया गया कि 2018 की कमेटी की अनुशंसाओं पर काम चल रहा है।

हालांकि, संघ ने इस जवाब को संतोषजनक नहीं माना और आंदोलन शुरू कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रीना राजपूत के मुताबिक, लंबे समय से मांगों को लेकर शासन के सामने बात रखी जा रही है, लेकिन अब तक आदेश जारी नहीं हुए हैं।

2018 की कमेटी ने ग्रेड-पे बढ़ाने की सिफारिश की थी

नर्सिंग संवर्ग की वेतन संबंधी मांग नई नहीं है। साल 2018 में गठित कमेटी ने स्टाफ नर्सों का ग्रेड-पे 2800 रुपए से बढ़ाकर 4400 रुपए करने की सिफारिश की थी। इसके अलावा 1200 रुपए ड्रेस अलाउंस और 4800 रुपए नर्सिंग अलाउंस देने का सुझाव दिया गया था।

एसोसिएशन का कहना है कि कमेटी की सिफारिशों पर अब तक अमल नहीं हुआ है। संघ अलग-अलग नर्सिंग पदों के लिए ग्रेड-पे में बढ़ोतरी और लंबित वेतन संबंधी आदेश जारी करने की मांग भी कर रहा है।

नियमित भर्ती, भत्ते और पदोन्नति भी मांगों में शामिल

नर्सिंग संगठनों की ओर से समय-समय पर उठाई गई मांगों में खाली पदों पर नियमित भर्ती, संविदा और कलेक्टर दर पर काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित पदों पर प्राथमिकता, समान काम के लिए समान वेतन और पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करना शामिल है।

इसके अलावा नर्सिंग ऑफिसर और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर पदनाम लागू करने, नर्सिंग अलाउंस 7200 रुपए और वॉशिंग अलाउंस 1800 रुपए प्रतिमाह करने तथा संविदा कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 40 हजार रुपए तय करने की मांग भी रखी गई है। नर्सिंग विद्यार्थियों का स्टाइपेंड 1500 से बढ़ाकर 15 हजार रुपए करने की मांग भी एसोसिएशन पहले उठा चुका है।

21 नवंबर को नवा रायपुर में जुटेंगे नर्सिंग कर्मचारी

संघ ने चेतावनी दी है कि आंदोलन शुरू होने के 2 से 3 दिनों के भीतर ग्रेड-पे का आदेश जारी नहीं हुआ तो स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय में कार्यरत नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल होंगे।

इसके लिए 21 नवंबर को नवा रायपुर के धरना प्रदर्शन स्थल पर जुटकर मुख्यमंत्री के घेराव की तैयारी की जाएगी। इसकी घोषणा स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय से जुड़े नर्सिंग संवर्ग के सदस्यों ने प्रेस वार्ता में की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button