ससुराल गया युवक बना साजिश का शिकार, 3 महीने बाद जमीन में दफन मिला शव.. ससुराल आया था युवक, घर से 300 मीटर दूर नाले किनारे दफन मिला शव; कॉल डिटेल ने खोली साजिश की परतें.
Young man falls victim to a conspiracy while visiting in-laws; body found buried in the ground after three months. He had visited his in-laws' home, but his body was discovered buried near a drain 300 meters away; call details unravelled the layers of the plot.

रीवा मप्र (सतना) रिपोर्टर सुभाष मिश्रा


रीवा। जिले में तीन महीने से लापता युवक का शव जमीन में दफन मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग और साजिश की आशंका सामने आई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव, निवासी मोहार टोला, भगदेवरा (थाना रामपुर बघेलान), 26 मार्च 2026 को गोविंदगढ़ क्षेत्र के टीकर गांव स्थित अपनी ससुराल गया था। आरोप है कि गांव का रहने वाला सुनील कुशवाहा उसे अपने साथ ले गया, जिसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों ने 28 मार्च को रामपुर बघेलान थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस का संदेह सुनील कुशवाहा पर गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने टीकर गांव में आरोपी के घर से करीब 300 मीटर दूर नाले के किनारे खुदाई कराई। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में जमीन से तीन महीने पुराना शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान विपिन यादव के रूप में हुई।
जांच में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) अहम कड़ी साबित हुई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी और आरोपी सुनील कुशवाहा के बीच लगातार संपर्क के साक्ष्य मिले हैं। दोनों के बीच प्रतिदिन कई बार और लंबे समय तक बातचीत होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की साजिश फोन पर रचे जाने के संकेत मिले हैं।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी सुनील कुशवाहा को मृतक की पत्नी के घर से गिरफ्तार किया। वहीं, मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की बात भी सामने आई है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारण, घटनाक्रम और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।



