छत्तीसगढ़

कनक तिवारी के निधन से शोक की लहर

Wave of grief following the passing of Kanak Tiwari

रायपुर । छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, गांधीवादी चिंतक और लेखक कनक तिवारी का निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को 86 वर्ष की उम्र में उन्होंने आखिरी

कनक तिवारी का जन्म 26 जुलाई 1940 को हुआ था। वे गांधीवादी विचारधारा, भारतीय संविधान और सामाजिक विषयों पर अपनी समझ और लेखन के लिए जाने जाते थे। उन्होंने लंबे समय तक लेखन के जरिए इन विषयों पर अपनी बात रखी।

जानकारी के मुताबिक कनक तिवारी की बेटी फिलहाल सिंगापुर में रहती हैं। उनके सिंगापुर से दुर्ग पहुंचने के बाद शुक्रवार को पिता का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

प्रोफेसर से पत्रकार और फिर बने वकील

कनक तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत अंग्रेजी साहित्य के प्राध्यापक के रूप में की थी। करीब 8-9 साल तक उन्होंने कॉलेजों में पढ़ाया। इसके बाद पत्रकारिता में आए। वे PTI, नवभारत टाइम्स, नवभारत और नागपुर टाइम्स जैसे संस्थानों से जुड़े रहे।

उन्होंने 1971 में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से एलएलबी की परीक्षा स्वर्ण पदक के साथ पास की। इसके बाद वकालत शुरू की। कानून के साथ सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी उनकी गहरी पकड़ थी।

शंकर गुहा नियोगी के कानूनी मामलों से भी जुड़े रहे

छत्तीसगढ़ के मजदूर आंदोलन के चर्चित नेता शंकर गुहा नियोगी की हत्या के बाद उनके जमानत और कानूनी मामलों से जुड़े प्रसंगों में भी कनक तिवारी की भूमिका का उल्लेख मिलता है।

वे अदालत में दलील रखने तक सीमित नहीं रहे। मजदूर अधिकार, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखते थे।

महाधिवक्ता पद से हटाए जाने पर उठाए थे सवाल

दिसंबर 2018 में भूपेश बघेल सरकार ने कनक तिवारी को छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया था। जून 2019 में उन्हें इस पद से हटा दिया गया। उस समय तिवारी ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने सवाल उठाया था कि जब उन्होंने इस्तीफा दिया ही नहीं तो उसे मंजूर कैसे किया जा सकता है।

आदिवासी अधिकारों पर लिखी थी किताब

कनक तिवारी ने आदिवासी समाज और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से लिखा। उनकी पुस्तक ‘आदिवासी उपेक्षा की अंतर्कथा: ब्रिटिश हुकूमत से 21वीं सदी तक’ का 2021 में तत्कालीन राज्यपाल अनुसुईया उइके ने राजभवन में विमोचन किया था।

वे मानते थे कि जंगल और पहाड़ आदिवासी जीवन के मूल आधार हैं और उन पर समुदाय का अधिकार होना चाहिए। उनके लेखन में आदिवासी समाज की समस्याओं और उनके अधिकारों को प्रमुखता मिली।

गांधी के अहिंसक विचारों से थे प्रभावित

कनक तिवारी गांधी के अहिंसक विचारों से प्रभावित थे, लेकिन उनकी वैचारिक समझ का दायरा व्यापक था। वे अंबेडकर, लोहिया, नेहरू और भगत सिंह के विचारों का भी अध्ययन करते थे।

‘संविधान और हम भारत के लोग’, ‘फिर से हिंद स्वराज’ और ‘बस्तर : लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट’ उनकी चर्चित पुस्तकों में शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button