भिलाई इस्पात संयंत्र में ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ संपन्न
‘Vigilance Awareness Week-2026’ concludes at Bhilai Steel Plant

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सतर्कता विभाग द्वारा ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का समापन समारोह 02 नवम्बर 2026 को महात्मा गांधी कला मंदिर में निदेशक प्रभारी, भिलाई इस्पात संयंत्र, श्री चित्त रंजन महापात्र के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीन निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार तथा कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार उपस्थित रहे। साथ ही, विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी, विभागीय प्रतिनिधि एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के प्रतिभागी भी समारोह में शामिल हुए।

समारोह के प्रारंभ में महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री संदीप गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया तथा सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष “समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा” थीम के अंतर्गत कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता तथा नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्य अतिथि निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि सत्यनिष्ठा किसी भी संस्थान की विश्वसनीयता और दीर्घकालिक सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि समृद्धि केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता, जवाबदेही और विश्वास पर आधारित कार्यसंस्कृति का भी महत्वपूर्ण योगदान है। प्रत्येक कर्मचारी को अपने कार्यों एवं निर्णयों में ईमानदारी, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यप्रणालियों में पारदर्शिता और नियमों का पालन अनियमितताओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यों में नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा सत्यनिष्ठा को संस्थागत संस्कृति का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रतिबद्धता और नैतिक आचरण के माध्यम से भिलाई इस्पात संयंत्र उत्कृष्टता एवं सतत प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकता है।
इस अवसर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों ने सतर्कता विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। इसके पश्चात सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों पर आधारित एक संक्षिप्त वीडियो डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई। इसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं, रैली, शपथ ग्रहण समारोह एवं जन-जागरूकता अभियानों की झलकियाँ शामिल थीं।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों, निर्णायकों तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के विद्यालयों में संचालित एथिक्स क्लब से जुड़े विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समापन सत्र का संचालन उप महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री नौशाद आलम ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (सतर्कता) सुश्री रेणु गुप्ता द्वारा प्रस्तुत किया गया।



