रीवा में दर्दनाक हादसा: प्रेमी से मिलने खेत पहुंची 19 वर्षीय युवती की करंट से मौत, सामने खड़ा देखता रह गया युवक
Tragic incident in Rewa: 19-year-old woman dies from electric shock after reaching a field to meet her boyfriend; the young man could only stand and watch.

रीवा, मध्यप्रदेश | रिपोर्टर – सुभाष मिश्रा
रात 3 बजे घर से निकली थी युवती, खेत की तारबंदी पार करते समय करंट की चपेट में आई; सुबह 5 बजे पुलिस को मिली सूचना
रीवा। जिले के जवा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसिया गांव में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवती की जान चली गई। युवती रात करीब 3 बजे अपने कथित प्रेमी से मिलने खेत पहुंची थी। इसी दौरान खेत की लोहे के तारों से बनी बाड़ी में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त युवक भी वहां मौजूद था।

जानकारी के मुताबिक, युवती का अपने गांव से करीब दो किलोमीटर दूर रहने वाले 19 वर्षीय युवक से प्रेम प्रसंग था। दोनों ने मुलाकात के लिए युवती के घर से करीब 500 मीटर दूर एक खेत को चुना था। युवक करीब दो किलोमीटर की दूरी तय कर रात में ही खेत पहुंच गया था। कुछ देर बाद युवती भी घर से निकलकर खेत की ओर पहुंची।

बताया गया कि खेत में प्रवेश करने के लिए युवती ने लोहे के तारों से बनी बाड़ी पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान तारों में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गई। करंट का झटका लगने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई। युवक अपनी आंखों के सामने हुए इस हादसे से घबरा गया और तत्काल युवती के भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही युवती के परिजन मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बुधवार सुबह करीब 5 बजे जवा पुलिस को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शुरू की जांच
जवा थाना के एएसआई अखिलेश्वर सिंह के मुताबिक, पुलिस को बुधवार सुबह 5 बजे घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक पूछताछ में युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी सामने आई है। रात करीब 3 बजे युवती खेत पहुंची थी, जहां बाड़ी पार करते समय वह करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



