छत्तीसगढ़

बस्तर में सिख समाज का बढ़ता कारवां

The Growing Presence of the Sikh Community in Bastar

जगदलपुर। कभी पंजाब की जानी-पहचानी गलियां पीछे छूट गई थीं और सामने थी बस्तर की अनजान जमीन, जहां न कोई परिचित चेहरा था और न ही भविष्य की कोई तय राह। रोजी-रोटी जुटाने से लेकर घर बसाने तक हर कदम एक बड़ी चुनौती था। लेकिन मेहनत, आपसी सहयोग और गुरु की सीख के सहारे करीब सात दशक पहले पंजाब से आए कुछ परिवारों ने यहां अपनी नई दुनिया बसाई। आज उनकी अगली पीढ़ियां बस्तर को ही अपनी असली कर्मभूमि और पहचान मानती हैं। महज 10 परिवारों से शुरू हुआ यह सफर आज लगभग 160 परिवारों तक पहुंच चुका है और जगदलपुर में सिख समुदाय की आबादी करीब छह हजार है।

पंजाब से आए और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को बनाया सहारा

श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह बताते हैं कि 1950 और 1960 के दशक में दंडकारण्य परियोजना के दौर में पंजाब के अलग-अलग जिलों से करीब 10 सिख परिवार जगदलपुर और बस्तर पहुंचे थे। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से अपनी आजीविका शुरू की। शुरुआती दिनों में एक-दूसरे का साथ और भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना, जिससे धीरे-धीरे कारोबार बढ़ा और बस्तर उनकी स्थायी कर्मभूमि बन गया। बाद के वर्षों में बस्तर परिवहन संघ के पूर्व सचिव व वर्तमान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू का योगदान भी बेहद खास रहा। बस्तर परिवहन संघ की स्थापना और उसे आगे बढ़ाने में सिख समाज के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय ने पूरे समाज को मजबूत आर्थिक आधार दिया।

नई पीढ़ी ने कारोबार से आगे बढ़कर हर क्षेत्र में बढ़ाया दायरा

सभा के सचिव अवतार सिंह बताते हैं कि समय के साथ समाज की नई पीढ़ी ने पारंपरिक कारोबार से आगे बढ़कर दूसरे क्षेत्रों में भी अपनी मजबूत जगह बनाई है। आज शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, सुरक्षा बल और प्रशासनिक सेवाओं में समाज के युवा सक्रिय हैं। राजनीति में भी समुदाय की भागीदारी बढ़ी है और सिख समाज के प्रमुख व वरिष्ठ राजनीतिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह गिल सहित कई लोग राजनीतिक संगठनों में अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। इस तरह रोजी-रोटी की तलाश में आए परिवारों की अगली पीढ़ी ने बस्तर के विकास में जुड़कर अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

गुरुद्वारा बना आस्था, एकजुटता और सेवा का प्रमुख केंद्र

सिख समाज के लिए गुरुद्वारा पूजा-अर्चना के साथ ही आपसी एकजुटता और सेवा की परंपरा का भी मुख्य केंद्र है। शुरुआती दौर में मोती तालाब पारा स्थित गुरुद्वारा धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख स्थल था। जब परिवारों की संख्या बढ़ी, तो बड़े परिसर की जरूरत महसूस हुई। इसके बाद नए बस स्टैंड के पास मेन रोड पर वर्ष 2007-08 में नए गुरुद्वारे का निर्माण शुरू हुआ, जो 2012 में बनकर पूरा हुआ। यहां गुरुबाणी पाठ, कीर्तन और धार्मिक आयोजनों के जरिए नई पीढ़ी को गुरु परंपरा से जोड़ा जाता है। सेवा, समानता और मेहनत की सीख के साथ यह समाज अपनी सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button