छत्तीसगढ़

गोपाष्टमी पर गौमाता की पूजा कर लिया आशीर्वाद

Sought blessings by worshipping the cow (Gau-mata) on Gopashtami.

रायपुर। रायपुर में गोपाष्टमी पर कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास महाराज इन कार्यक्रमों में शामिल हुए। श्री दूधाधारी मठ में भी गौ माता की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

इस दौरान विधि-विधान से तिलक लगाकर पुष्पमाला अर्पित की गई और गौ-ग्रास खिलाया गया। श्रद्धालुओं ने भी गौ माता की पूजा कर आशीर्वाद लिया।

भगवान कृष्ण ने गोपाष्टमी से शुरू किया था गौ चारण

गोपाष्टमी के महत्व पर महन्त रामसुन्दर दास महाराज ने कहा कि, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने गोपाष्टमी के दिन से ही गौ चारण का काम शुरू किया था। गौ पालन करने के कारण ही उनका एक नाम गोपाल पड़ा।

उन्होंने कहा कि गौ माता में सभी देवी-देवताओं का वास माना गया है। इसलिए गौ माता की सेवा करने से सभी देवी-देवताओं की सेवा का पुण्य मिलता है।

महावीर गौशाला और भागवत कथा में भी पहुंचे

राजेश्री महन्त महाराज महावीर गौशाला मौदहापारा रायपुर और विश्व गीता गौशाला कुम्हारी में आयोजित कार्यक्रमों में भी शामिल हुए। इसके अलावा कैवल्य पार्क में चल रहे श्रीमद्भागवत महापुराण कार्यक्रम में पहुंचे।

यहां वृंदावन से आए स्वामी बालक दास महाराज व्यास पीठ पर विराजित हैं। कार्यक्रम में संतोष शास्त्री, विनोद शास्त्री और पांडे परिवार के सदस्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

संकट मोचन मंदिर में हनुमान जी का हुआ अभिषेक

श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर गौशाला में भी गोपाष्टमी पर विशेष आयोजन किया गया। सुबह सबसे पहले भगवान हनुमान जी का दूध से अभिषेक किया गया।

इसके बाद गौशाला में गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। गौ माता को खिचड़ी का प्रसाद खिलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गौशाला पहुंचे और पूजा कर आशीर्वाद लिया।

महंत ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं

श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर के महंत ने गोपाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा और सनातन धर्म का प्रचार समाज के लिए महत्वपूर्ण है।

गौ माता के कल्याण से विश्व का कल्याण जुड़ा है। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने गौ माता की जयकार के साथ पूजा-अर्चना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button