छत्तीसगढ़

पद्मश्री फुलबासन का जिमीकंद मॉडल बना मिसाल

Padma Shri Phulbasan's elephant foot yam model sets an example.

राजनांदगांव। गांवों में सामान्य रूप से सब्जी में खाए जाने वाले जिमीकंद को स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने ऐसा बाजार दिया कि अब उसकी धमक बड़ी-बड़ी पार्टियों तक है। वर्ष 2014 से पहले शादी, जन्मदिन, गृह प्रवेश की पार्टी हो या अन्य किसी भी बड़े कार्यक्रमों में जिमीकंद की सब्जी शामिल नहीं होती थी, लेकिन अब यह लगभग हर कार्यक्रम का जरूरी हिस्सा बन चुका है।

पद्मश्री फुलबासन यादव के संयोजन वाली मां बम्लेश्वरी फेडरेशन से जुड़े हरियाली बहिनी अभियान के माध्यम से इसकी ब्रांडिंग की गई। फिर 2025 में 32 गांवों में सरकारी जमीन पर 1000 देसी जिमीकंद लगाने का लक्ष्य पर काम शुरू किया गया। वर्तमान में जिमीकंद बेचकर समूहों को हर साल लगभग चार करोड़ रुपये की आय हो रही है। 2027 तक लक्ष्य है कि हर गांव को हर दो साल में 60 हजार रुपये की आय हो।

427 गांवों तक पहुंचा अभियान

वर्ष 2014 से 2019 के मध्य 427 गांवों में यह अभियान पहुंचा। इस दौरान 1545 स्व-सहायता समूह जुड़े। 9936 महिलाओं की भागीदारी रही। जिमीकंद के कुल 32 लाख 55 हजार 516 बीज लगाए गए। अभियान प्रमुख शिव कुमार देवांगन के अनुसार यह अभियान केवल खेती नहीं, बल्कि ग्रामीण आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तीकरण और सामुदायिक विकास का एक सफल माडल बन गया है। जिमीकंद जैसी पारंपरिक फसल को अपनाकर ग्रामीण आज अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं और गांव के विकास में योगदान भी दे रहे हैं।

पदयात्राएं, बड़ी सभाएं और पुरस्कार योजनाएं भी चलाई

वर्ष 2014 में “जिमीकंद लगाओ-हजारों रुपये कमाओ” अभियान की शुरुआत की गई। पहले ग्रामीण लोग जिमीकंद केवल अपने खाने और रिश्तेदारों को देने के लिए उगाते थे। वे जमीन से बड़ा कंद निकालने के बाद बचे हुए बीज को वहीं छोड़ देते थे, जो दो वर्ष में फिर तैयार हो जाता था। लेकिन इसे कभी व्यवसाय के रूप में नहीं देखा गया। इस सोच को बदलने का कार्य मां बम्लेश्वरी की प्रेरणा से शुरू हुआ। लोगों को परती भूमि, खेत की मेड़ों और बाड़ी में जिमीकंद लगाने के लिए लगातार जागरूक किया गया। इसके लिए पदयात्राएं, बड़ी सभाएं और पुरस्कार योजनाएं चलाई गईं। अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले कार्यकर्ताओं और संगठनों को एक लाख रुपये तक के पुरस्कार दिए गए।

आंकड़ों में जिमीकंद अभियान

427 गांवों में पहुंचा यह अभियान
1545 महिला स्व-सहायता समूह जुड़े
9936 महिलाओं की भागीदारी
32.55 लाख जिमीकंद के बीज लगाए गए
4 करोड़ रुपये की आय हो रही है

सामुदायिक विकास का सफल माडल

अभियान केवल खेती नहीं, बल्कि ग्रामीण आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तीकरण और सामुदायिक विकास का एक सफल माडल भी है। जिमीकंद जैसी पारंपरिक फसल को अपनाकर ग्रामीण अच्छी आ अर्जित कर रहे हैं और गांव के विकास में योगदान भी दे रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर गांव को हर दो साल में 60 हजार रुपये की आय हो।

– पद्मश्री फुलबासन यादव, समाजसेवी

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button