छत्तीसगढ़

प्रदेशभर में धान खरीदी कार्य लगातार जारी

Paddy procurement work continues across the state

देवीचरण ठाकुर गरियाबंद

गरियाबंद_प्रदेशभर में धान खरीदी कार्य लगातार जारी है। किसानों द्वारा बड़ी मात्रा में धान की आवक को देखते हुए कलेक्टर श्री बी.एस. उईके ने जिले के धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गरियाबंद जिले के सोहागपुर एवं बारूला धान खरीदी केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

स्टैकिंग व्यवस्था पर जताई नाराजगी, सुधार के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री उईके ने केंद्रों में धान की स्टैकिंग व्यवस्था को अव्यवस्थित पाया, जिस पर उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रों में उपलब्ध बारदाना की संख्या, स्टैकिंग में रखी गई बोरियों की संख्या का भौतिक सत्यापन कराया। उन्होंने धान खरीदी की कुल मात्रा, अब तक हुए उठाव, तथा विक्रय के लिए शेष किसानों की संख्या की भी विस्तृत जानकारी ली।

वजन में गड़बड़ी पर सख्त रुख, दो केंद्रों को नोटिस

कलेक्टर द्वारा प्रत्येक धान बोरी का प्रत्यक्ष वजन कराया गया। वजन में भिन्नता पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इस गंभीर लापरवाही पर सोहागपुर एवं बारूला धान खरीदी केंद्रों के संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ऑनलाइन टोकन व्यवस्था बंद, शेष किसानों को मिलेगी राहत

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री उईके ने जानकारी दी कि माह की अंतिम तिथि तक धान खरीदी की संभावना को देखते हुए ऑनलाइन टोकन वितरण व्यवस्था बंद कर दी गई है। किसानों को 23 तारीख तक टोकन वितरित किए जा चुके हैं।शेष बचे किसानों के लिए केंद्र नोडल अधिकारी द्वारा जांच एवं सत्यापन के पश्चात समितियों में जाकर टोकन जारी किए जाएंगे, ताकि किसी भी किसान को परेशानी न हो।

धान उठाव तेज करने के निर्देश, किसानों की सुविधा सर्वोपरि

कलेक्टर श्री उईके ने केंद्रों में धान उठाव की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए अधिक से अधिक उठाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्टैकिंग व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए केंद्र परिसरों को सुव्यवस्थित रखने, तथा धान की शीघ्र स्टैकिंग कराने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button