छत्तीसगढ़

वित्त एवं लेखा विभाग में राजभाषा कार्यशाला का आयोजन

Organization of an Official Language Workshop in the Finance and Accounts Department

भिलाई इस्पात संयंत्र के वित्त एवं लेखा विभाग में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राजभाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीन निगम तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) श्री आर. के. भट्टाचार्जी उपस्थित थे।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) श्री आशीष कुमार अग्रवाल एवं उप महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन एवं प्रभारी राजभाषा) श्री राघवेन्द्र कुमार गर्ग सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्री प्रवीन निगम ने अपने संबोधन में कहा कि राजभाषा कार्यशालाओं को केवल संवैधानिक वांछनीयता तक सीमित न रखते हुए हिंदी में कार्यालयीन कार्य करना अपनी प्राथमिकता और आदत बनाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हिंदी में हस्ताक्षर करने की शुरुआत करते हुए दैनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

श्री आशीष कुमार अग्रवाल ने हिंदी में कार्य करने से कार्यालयीन प्रक्रियाओं में सरलता एवं गति आने की बात कही। उन्होंने सहकर्मियों को भी हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया। वहीं श्री राघवेन्द्र कुमार गर्ग ने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में लेखन एवं टाइपिंग के दौरान हिंदी का प्रयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र हिंदी भाषी क्षेत्र में स्थित है तथा अधिकांश कार्मिक हिंदी में संवाद करते हैं। हिंदी का प्रयोग कार्यक्षमता एवं कार्यदक्षता बढ़ाने में सहायक है।

 

कार्यशाला के प्रारंभ में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग द्वारा आयोजित ‘चित्र देखें–कविता लिखें’ प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) सुश्री अमृता गंगराडे ने अपनी स्वरचित कविता का पाठ किया। इस अवसर पर अनुभाग अधिकारी (स्टॉक वेरीफिकेशन) श्री उज्ज्वल प्रसन्नो ने भी अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत की, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।

उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन–राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने प्रतिभागियों को हिंदी में समस्त कार्यालयीन कार्य करने की शपथ दिलाई तथा राजभाषा से संबंधित सांविधिक प्रावधानों की जानकारी दी।

 

कार्यशाला के दौरान हिंदी भाषा के मुहावरों पर आधारित ‘रिक्त स्थान भरो प्रतियोगिता’ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार महाप्रबंधक सुश्री अमृता गंगराडे, द्वितीय पुरस्कार उप महाप्रबंधक श्री अविलाश प्रसाद पंसारी एवं तृतीय पुरस्कार अनुभाग अधिकारी (स्टॉक वेरीफिकेशन) श्री उज्ज्वल प्रसन्नो ने प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार उप महाप्रबंधक श्री अरुण कुमार बंसल, प्रबंधक सुश्री नेहा रानी एवं अनुभाग अधिकारी श्री सुनील कुमार शर्मा को प्रदान किए गए।

 

विभाग में हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित करने की परंपरा के अंतर्गत प्रत्येक तिमाही में पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसी क्रम में विगत तिमाही के लिए अहिंदी भाषी वर्ग में अनुभाग सहयोगी सुश्री बी. रेणु तथा हिंदी भाषी वर्ग में उप महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) श्री अरुण कुमार बंसल को विशेष पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) एवं विभागीय हिंदी समन्वय अधिकारी सुश्री स्मिता जैन ने विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि पिछली तिमाही की कार्यशाला में लिए गए निर्णयों का पूर्णतः पालन किया जा रहा है तथा विभागीय पत्राचार हिंदी में किया जा रहा है। विभाग के कार्मिकों की रचनाएँ संयंत्र की पत्रिका ‘भिलाई भाषा भारती’ एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग की पत्रिका ‘महानदी’ में नियमित रूप से प्रकाशित हो रही हैं। साथ ही, संयंत्र एवं नराकास स्तर पर आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं में विभागीय कार्मिक उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं और पुरस्कार भी अर्जित करते हैं। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन अनुभाग अधिकारी श्री सुनील कुमार शर्मा ने किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button