छत्तीसगढ़

मोदी सरकार की नीतियां आमजन विरोधी, जनता पर डाला जा रहा त्याग का बोझ : शफी अहमद

Modi government's policies are anti-people, burden of sacrifice is being put on the public: Shafi Ahmed

कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर आर्थिक बदहाली, महंगाई और गलत नीतियों को लेकर साधा निशाना

बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) कांग्रेस के जिला प्रभारी शफी अहमद ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के 12 वर्षों के कार्यकाल पर तीखा हमला बोलते हुए केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को आमजन विरोधी बताया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नीतिगत विफलताओं को छुपाने के लिए जनता से त्याग की अपील कर रही है, जबकि मौजूदा आर्थिक हालात के लिए केंद्र सरकार स्वयं जिम्मेदार है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और संभावित युद्ध संकट के संकेत पहले से होने के बावजूद केंद्र सरकार ने कोई ठोस तैयारी नहीं की। इसके बजाय प्रधानमंत्री चुनाव प्रचार और रैलियों में व्यस्त रहे। शफी अहमद ने कहा कि अब जनता से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सोना न खरीदने और किसानों से उर्वरक का उपयोग घटाने की अपील की जा रही है, लेकिन सरकार यह नहीं बता रही कि इससे उत्पादन और आम लोगों की जरूरतें कैसे पूरी होंगी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री Manmohan Singh के कार्यकाल में रणनीतिक क्रूड ऑयल भंडारण केंद्र बनाए गए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने इस दिशा में कोई नया कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और घरेलू जरूरत की वस्तुओं के दाम दोगुने से अधिक हो चुके हैं, जिससे आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री की “वर्क फ्रॉम होम” संबंधी अपील को भी अव्यावहारिक बताया और कहा कि देश का बड़ा वर्ग फेरीवालों, गिग वर्कर्स, छोटे व्यापारियों और फील्ड में काम करने वाले लोगों का है, जिनकी रोजी-रोटी सीधे बाजार से जुड़ी है।

शफी अहमद ने आरोप लगाया कि नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन जैसे फैसलों ने देश की अर्थव्यवस्था और व्यापार व्यवस्था को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए, जबकि आम जनता महंगाई और कर्ज के बोझ तले दबती चली गई।

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला अध्यक्ष हरिहर यादव, पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, रामदेव जगते, उपाध्यक्ष सुनील सिंह, सुनील गुप्ता, लालसाय मिंज, जितेंद्र गुप्ता, दोमनिक एक्का, संजीत चौबे, विश्वजीत सिंहदेव, बलरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष समीर सिंहदेव, ब्लॉक महामंत्री अरुण कुमार दास, सत्येंद्र पांडेय, बृजेश मिश्रा, राम बिहारी यादव, विभु जायसवाल, बुद्धदेव पोया, संतन भगत, अमित यादव सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button