छत्तीसगढ़

प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण

In-charge Secretary Niharika Barik inspected the paddy procurement centers.

किसानों की समस्याओं का लिया जायजा
टोकन व्यवस्था, धान की गुणवत्ता और खरीदी केंद्र में सुविधाओं की समीक्षा
धान की भराई और तौलाई के लिए किसानों से राशि नहीं ली जाएगी, समिति के माध्यम से होगा भुगतान

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की अपर मुख्य सचिव एवं महासमुंद जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती निहारिका बारिक ने आज जिले के बिरकोनी, तुमगांव, बेमचा कोसरंगी धान खरीदी केन्द्रों एवं पिटियाझर मंडी का निरीक्षण कर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों से धान की भराई और तौलाई के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली जाए। यदि इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हमालों को धान भराई की राशि का भुगतान करने के भी निर्देश समितियों को दिए।
इस दौरान कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, खाद्य, मार्कफेड, राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी सचिव श्रीमती बारिक ने खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा, टोकन व्यवस्था, धान की गुणवत्ता, हमालों की उपलब्धता तथा भंडारण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव श्रीमती निहारिका बारिक द्वारा बिरकोनी धान खरीदी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान बिरकोनी के किसान श्री राजेश चंद्राकर ने बताया कि उनके पास 53 एकड़ कृषि भूमि है और उन्हें धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने समिति पहुंचे है। इस पर प्रभारी सचिव ने टोकन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। किसान श्री जीवन लाल द्वारा 144 क्विंटल धान विक्रय हेतु लाए जाने पर खरीदी प्रक्रिया का जायजा लिया गया। इस दौरान बिरकोनी धान उपार्जन केंद्र प्रभारी ने बताया कि आज में 13 किसानों के धान विक्रय के लिए टोकन जारी किए गए हैं। वर्तमान में धान खरीदी कार्य के लिए 15 हमाल कार्यरत हैं।
उन्होंने किसानों को बताया कि ऐसे किसानों के प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा, जिनके खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। इसके लिए संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में उपलब्ध एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें विकल्प के माध्यम से खसरा मैपिंग की जाएगी। सभी पात्र किसानों के खसरों की मैपिंग निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराई जाए। धान खरीदी की अवधि 15 जनवरी 2027 तक खसरा मैपिंग की कार्रवाई की जा सकेगी।
इसके पश्चात प्रभारी सचिव श्रीमती बारिक ने तुमगांव धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान धान खरीदी प्रभारी ने बताया कि अब तक 08 किसानों ने धान बेचा। आज एक किसान ने 16 क्विंटल धान बेचा। इसी तरह बेमचा उपार्जन केन्द्र में बताया गया कि 59 किसानों द्वारा धान बेचा है। आज 20 किसानों का टोकन कटा है। प्रभारी सचिव ने खरीदी केन्द्रों में धान बेचने आए किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानीं और धान खरीदी प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसानों को धान के स्थान पर अन्य फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि कृषि में विविधता को बढ़ावा मिल सके और किसानों को वैकल्पिक आय के अवसर प्राप्त हों।
प्रभारी सचिव श्रीमती बारिक ने खरीदी केन्द्रों में धान की सुरक्षा और रखरखाव के लिए पर्याप्त कवर एवं ड्रेनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान में नमी की मात्रा की जांच भी की। बिरकोनी उपार्जन केन्द्र में जांच के दौरान धान में 16 प्रतिशत नमी पाई गई। उन्होंने धान की गुणवत्ता के अनुरूप खरीदी प्रक्रिया का पालन करने तथा किसानों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने कहा।
श्रीमती बारिक ने खरीदी केंद्रों में धान के व्यवस्थित भंडारण और प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बफर स्टॉक के लिए अलग व्यवस्था विकसित करने को कहा, ताकि खरीदे गए धान का सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित भंडारण किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि जिले में 159 समितियों के माध्यम से 202 धान खरीदी केन्द्रों में एक लाख 62 हजार 566 कृषक पंजीकृत है। वर्ष 2026-27 में कुल 1117884 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। जिले में 25 नवम्बर की स्थिति में अब तक 7240 किसानों से 19247.88 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। वहीं 149 समितियों में 1910 किसानों द्वारा 35.77 हेक्टेयर रकबा समर्पित किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button