छत्तीसगढ़

भिलाई इस्पात संयंत्र को सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के लिए ISO/IEC 27001:2022 प्रमाणन

ISO/IEC 27001:2022 certification for the Bhilai Steel Plant’s Information Security Management System

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र ने नवीनतम ISO/IEC 27001:2022 मानक के अनुरूप अपनी इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी मैनेजमेंट सिस्टम (ISMS) का सफलतापूर्वक प्रमाणन प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह प्रमाणन मेसर्स टीयूवी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रदान किया गया है। 19 नवंबर 2026 को कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम ने ISO/IEC 27001:2022 प्रमाणपत्र का औपचारिक अनावरण किया।

कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए संबंधित विभागों एवं टीम के सदस्यों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बदलते डिजिटल परिवेश में सूचना सुरक्षा के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग में सावधानी बरतने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के प्रति जागरूकता और सतर्कता बनाए रखना तथा संभावित खतरों पर समय रहते उचित कार्रवाई करना अत्यंत आवश्यक है।

 

कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) श्रीमती शिवानी जत्रेले ने ISO/IEC 27001 मानक का संक्षिप्त परिचय देते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र में इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी मैनेजमेंट सिस्टम के प्रमाणन की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने ऑडिट प्रक्रिया के साथ-साथ ए एंड डी, बीई, सी एंड आईटी तथा एल एंड डी विभागों के योगदान एवं पुनः प्रमाणन की विस्तृत प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही, एल एंड डी विभाग में आयोजित इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी जागरूकता एवं आंतरिक ऑडिट प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में भी बताया।

 

मुख्य महाप्रबंधक (ए एंड डी) श्री मधु पिल्लई ने संयंत्र में इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी मैनेजमेंट सिस्टम को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा इससे जुड़ी पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

 

महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) श्रीमती नीना जायसवाल ने इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने वर्तमान प्रौद्योगिकी आधारित परिवेश में सूचना सुरक्षा की बढ़ती आवश्यकता को रेखांकित करते हुए इसे संगठन के प्रत्येक स्तर पर दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न अंग बनाने की आवश्यकता बताई।

 

कार्यक्रम के दौरान सूचना सुरक्षा जागरूकता एवं आंतरिक ऑडिट प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रशिक्षण के माध्यम से इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संयंत्र की सूचना सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी भागीदारी को सराहा गया।

 

कार्यक्रम के अंत में उप महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) श्री चंदू तेम्भुरने ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। यह प्रमाणन भिलाई इस्पात संयंत्र की सूचना परिसंपत्तियों की सुरक्षा, साइबर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा संगठन के सभी स्तरों पर इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के प्रति जागरूकता एवं सतर्कता की संस्कृति विकसित करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button