भिलाई विद्यालय में 50वीं स्काउट्स एवं गाइड्स रैली का शुभारंभ
Inauguration of the 50th Scouts and Guides Rally at Bhilai School

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ, भिलाई के समन्वय से आयोजित 50वीं स्काउट्स एवं गाइड्स रैली का शुभारंभ 02 नवम्बर 2026 को भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 के परिसर में हुआ। इसमें छह विभिन्न विद्यालयों के लगभग 192 विद्यार्थी 12 दलों के रूप में भाग ले रहे हैं।

तीन दिवसीय रैली के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (शिक्षा) एवं जिला मुख्य आयुक्त (स्काउट/गाइड) श्रीमती शिखा दुबे उपस्थित रहीं। स्काउट-गाइड प्रार्थना के पश्चात मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से ‘झंडा गीत’ प्रस्तुत किया।

अपने संबोधन में श्रीमती शिखा दुबे ने 50वीं स्काउट्स एवं गाइड्स रैली के आयोजन पर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने स्काउट्स एवं गाइड्स के आदर्श वाक्य ‘तैयार रहें’ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को नेतृत्व क्षमता, सेवाभाव, साहस एवं अनुशासन जैसे गुणों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। ये गुण जीवन की विभिन्न चुनौतियों का सामना करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि इस रैली के दौरान विकसित होने वाली टीम भावना, आपसी सहयोग एवं समन्वय विद्यार्थियों को जीवनभर उपयोगी सीख प्रदान करेंगे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए सभी स्काउट्स एवं गाइड्स को प्रत्येक गतिविधि एवं प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला आयुक्त (गाइड) एवं प्राचार्य, बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 श्रीमती सुमिता सरकार, जिला आयुक्त (स्काउट) एवं प्राचार्य, भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 श्री विजय सिंह पवार, जिला सचिव एवं वरिष्ठ व्याख्याता, भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 श्रीमती सरिता शाक्या, कोषाध्यक्ष (स्काउट/गाइड) एवं प्राचार्य, बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7 श्रीमती उर्वशी साहू तथा उप प्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती वी.आर. कटियार सहित भिलाई इस्पात संयंत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रमुख उपस्थित रहे।
इस रैली का समन्वय जिला आयुक्त (गाइड) श्रीमती कीर्तिलता देशमुख एवं जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) श्री सत्यनारायण साहू द्वारा किया जा रहा है। आयोजन में भिलाई इस्पात संयंत्र के विभिन्न विद्यालयों के आठ स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन तथा शासकीय शिक्षा विभाग के चार विशेषज्ञ स्काउट्स एवं गाइड्स निर्णायक मंडल के रूप में सहयोग कर रहे हैं।
तीन दिवसीय रैली के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स की विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन दो श्रेणियों में श्रीमती नीता त्रिपाठी, शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय (सेक्टर-9 भिलाई); श्रीमती नोमिन साहू, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बेलोदी); श्री नीरज कुमार साहू, शासकीय प्राथमिक विद्यालय (पथर्रा-धमधा) एवं श्री देवेन्द्र कुमार देवांगन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सेमरिया) धमधा द्वारा किया जाएगा, जिनमें उच्चतर माध्यमिक स्तर तथा माध्यमिक स्तर के प्रतिभागी शामिल होंगे। इन गतिविधियों के अंतर्गत टेंट व्यवस्था, मार्च पास्ट, कलर पार्टी, टेंट निर्माण, गांठ एवं लाठी आधारित पायनियरिंग, प्राथमिक उपचार तथा स्काउट-गाइड संबंधी कौशल का आकलन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त स्काउट-गाइड आंदोलन के इतिहास, बीपी-6, स्काउट-गाइड गीत, नियम एवं प्रतिज्ञा से संबंधित परीक्षाएँ भी आयोजित की जाएँगी। स्मरण शक्ति परीक्षा, समूह नृत्य, ड्रिल, रंगोली, हस्तकला एवं पाक-कला जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता, बौद्धिक क्षमता एवं व्यावहारिक कौशल का मूल्यांकन किया जाएगा।
प्रतिभागियों के आवासीय क्षेत्र की व्यवस्था एवं टेंट की साज-सज्जा का प्रतिदिन निरीक्षण किया जाएगा। इसमें उपलब्ध सीमित संसाधनों के बेहतर उपयोग, सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं सामूहिक कार्यकुशलता को परखा जाएगा। मार्च पास्ट एवं कलर पार्टी के माध्यम से विद्यार्थियों के परेड कौशल, अनुशासन एवं आपसी तालमेल का आकलन किया जाएगा।
रैली के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सर्वश्रेष्ठ स्काउट, सर्वश्रेष्ठ गाइड, सर्वश्रेष्ठ लीडर एवं सर्वश्रेष्ठ दल के पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। रैली का समापन समारोह 04 नवम्बर 2026 को अपराह्न 3:00 बजे आयोजित किया जाएगा।
तीन दिवसीय रैली के दौरान मंच संचालन सहायक प्रबंधक (शिक्षा) श्री मनीष तिवारी एवं शिक्षक श्री शीतल चन्द्र शर्मा द्वारा किया जा रहा है।



