छत्तीसगढ़

‘सूर्या’ के ऑनलाइन प्रमोशन पर हाईकोर्ट की रोक

High Court stays online promotion of 'Surya'

रायपुर। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आने वाली मूवी ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ को लेकर विवाद बढ़ गया है। फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट पर डॉक्टरों की छवि खराब करने और उनके खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप लगे हैं।

छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने फिल्म के अभिनेता और निर्माता सनी देओल को 950 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है। वहीं, राजस्थान हाईकोर्ट ने सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलने तक फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट, दृश्यों को ऑनलाइन और सोशल मीडिया पर जारी करने पर रोक लगा दी है।

IMA की याचिका पर राजस्थान हाईकोर्ट का आदेश

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने फिल्म के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। इस पर जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने सुनवाई करते हुए अंतरिम आदेश जारी किया।

IMA का आरोप है कि फिल्म के टीजर और विज्ञापनों में निजी अस्पतालों और डॉक्टरों को भ्रष्ट-अनैतिक तरीके से दिखाया गया है। साथ ही डॉक्टरों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों और हिंसा वाले दृश्यों से चिकित्सा क्षेत्र की छवि प्रभावित हो रही है।

अदालत ने सिनेमैटोग्राफ एक्ट, 1952 की धारा 5(B) का हवाला देते हुए कहा कि सेंसर बोर्ड (CBFC) से सर्टिफिकेट मिलने तक फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट और दृश्यों को ऑनलाइन या सोशल मीडिया पर जारी नहीं किया जा सकता।

कोर्ट ने केंद्र सरकार और फिल्म के प्रोड्यूसर्स को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को होगी।

छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने की सार्वजनिक माफी की मांग

इससे पहले छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी की ओर से सनी देओल को कानूनी नोटिस भेजा गया था। सोसायटी ने आरोप लगाया कि फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट में डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा और लिंचिंग जैसे कृत्यों को सामान्य तरीके से दिखाया गया है। इससे समाज में गलत संदेश जा सकता है और डॉक्टरों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

नोटिस में आपत्तिजनक दृश्यों और विज्ञापनों को हटाने के साथ 7 दिन के भीतर चिकित्सा समुदाय से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की गई है। ऐसा नहीं करने पर 950 करोड़ रुपए के मानहानि दावे, आपराधिक मानहानि और जनहित याचिका के जरिए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

NMC और सेंसर बोर्ड को भी भेजा था नोटिस

छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने इस मामले में पहले नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC), केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) और फिल्म के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर्स को भी नोटिस भेजा था।

सोसायटी का कहना है कि फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट को लेकर उसकी आपत्ति डॉक्टरों की प्रतिष्ठा और सुरक्षा से जुड़ी है।

20 नवंबर को रिलीज होनी थी फिल्म

फिल्म की रिलीज 20 नवंबर को प्रस्तावित थी। हालांकि, सेंसर सर्टिफिकेट नहीं मिलने और कानूनी मामलों के चलते फिल्म की रिलीज टाल दी गई है। फिलहाल, फिल्म की नई रिलीज डेट सामने नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button