खेल/मनोरंजन

संघर्ष से नेशनल तक पहुंचीं छत्तीसगढ़ की 4 बेटियां

Four daughters of Chhattisgarh reach the national stage through struggle

रायपुर। किसी के माता-पिता खेती करते हैं, तो किसी का परिवार मजदूरी पर निर्भर है। आर्थिक हालात ऐसे नहीं हैं कि खेल के अभ्यास, यात्रा और प्रतियोगिताओं का खर्च आसानी से उठाया जा सके।

इसके बावजूद इन परिवारों की बेटियां हार मानने को तैयार नहीं हैं। ऐसी ही चार होनहार खिलाड़ी- बिलासपुर की जागृति, कोरबा की सावित्री व रेश्मी और महासमुंद की गीतांजलि, हाल ही में ‘छत्तीसगढ़ अस्मिता रग्बी स्टेट लीग 2026-27’ में हिस्सा लेने रायपुर पहुंचीं।

कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता की सीनियर कैटेगरी में चारों ने अपने खेल का दमखम दिखाया। इस टूर्नामेंट में रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, महासमुंद और धमतरी की टीमों ने भाग लिया।

कॉलेज की परीक्षा छोड़ खेला नेशनल, चोट लगी पर डटी रहीं

बिलासपुर के बेलतरा क्षेत्र स्थित लीमा गांव की जागृति ने स्कूल में कबड्डी खेलते हुए रग्बी की शुरुआत की थी। तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अब तक दो पदक जीत चुकी हैं। एक बार कंधे में चोट लगने पर माता-पिता ने खेल छोड़ने की सलाह दी, लेकिन जागृति ने हौसला नहीं छोड़ा। वे 200 किमी दूर जाकर अभ्यास करती हैं।

खेती में हाथ बंटाकर जुटाती हैं पैसे, फ्रैक्चर से की वापसी

कोरबा की 19 वर्षीय सावित्री पाली ने 10वीं कक्षा से रग्बी खेलना शुरू किया था और अब तक छह राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तीन से अधिक पदक जीत चुकी हैं। वे माता-पिता के साथ खेतों में काम करती हैं और उससे मिलने वाली राशि अपने खेल के लिए बचाती हैं। खेल के दौरान दोनों कंधों में फ्रैक्चर हो गया था। पर उन्होंने वापसी की।

पिता टूर्नामेंट भेजने के लिए पड़ोसियों से उधार लेते हैं

कोरबा के बिंझरा पारा गांव की 17 वर्षीय रेश्मी टेकाम एक किसान परिवार से आती हैं। आर्थिक तंगी के चलते पिता ने राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भेजने के लिए कई बार पड़ोसियों से उधार तक लिए। रेश्मी को शुरुआत में उन्हें रग्बी पसंद नहीं था। बाद में कोच की सलाह पर रग्बी में आई। वे इसी में करियर चाहती हैं।

मजदूरी कर छोटे भाई-बहनों की जिम्मेदारी उठा खेल रहीं

महासमुंद के भोरिंग गांव की 20 वर्षीय गीतांजलि के माता-पिता मजदूरी करते हैं। परिवार का हाथ बंटाने के लिए गीतांजलि को भी मजदूरी करनी पड़ती है, साथ छोटे भाई-बहनों की देखभाल की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है। कोच सुनील भोई वर्षों से उनका पूरा खर्च उठा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button