फैंस के दिलों में हमेशा नाबाद रहेंगे धोनी
Dhoni will always remain unbeaten in the hearts of fans.

क्रिकेट फैंस को पिछले कुछ बरसों से आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के मैच के दौरान आखिरी की कुछ गेंदों का इंतजार रहता था। महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास के साथ इंतजार की वह वजह खत्म हो गई। अब वह लीग क्रिकेट में भी खेलते हुए नहीं दिखेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से उन्होंने 6 साल पहले ही संन्यास ले लिया था। इसके बाद भी इतना अरसा वह खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट की तेज रफ़्तार से चाल मिलाकर चलते रहे। अब जब वह मेंटॉर के नए रोल में होंगे, तो उनसे उसी कामयाबी की अपेक्षा होगी, जिसकी आदत उन्होंने लगाई है।
बतौर बल्लेबाज सीमित होते गए धोनी
तीन-चार साल से आईपीएल में एक बल्लेबाज के रूप में धोनी ने अपनी भूमिका सीमित कर ली थी। साल 2024 और 2025 के सीजन में कुल मिलाकर उन्होंने केवल 218 गेंदों का सामना किया और इस साल तो खेले ही नहीं। रिटायरमेंट के सवाल तभी से उठ रहे थे। लेकिन, उनके फैंस को हमेशा यही लगा कि वह फिर आएंगे। दो गेंदों के लिए ही सही, पर उनके आने से जैसे सीएसके की पारी पूरी हो जाती हो। खेल किसी खिलाड़ी के लिए नहीं रुकता, धोनी शायद अपवाद रहे।
आंकड़ों से बढ़कर
धोनी का आकलन केवल आंकड़ों के आधार पर नहीं किया जा सकता। उन्होंने कितने रन बनाए, कैच लपके या स्टंप किए। इससे ज्यादा महत्वपूर्ण है उनकी बनाई विरासत। बतौर खिलाड़ी और बतौर कप्तान उन्होंने वह सब हासिल किया, जिसकी तमन्ना कोई अपना खेल करियर शुरू करते समय करता है। तमाम ट्रॉफी और खिताबों से ज्यादा कीमती है वह भरोसा, जो उन्होंने कमाया।
फैंस का भरोसा
माही है तो हो जाएगा किसी खिलाड़ी से उम्मीद की यह हद बहुत कम दिखती है। धोनी से थी, क्योंकि वह इस पर बार-बार खरे उतरे। उन्होंने बताया कि वापसी कहीं से भी हो सकती है, अगर हार न मानी जाए। अलग-अलग परिस्थितियों में और प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ उन्होंने इतनी बार ऐसा किया कि कहा गया वह किस्मत के धनी है जो दांव लगाते हैं, चल जाता है। लेकिन, इस किस्मत के पीछे है मेहनत और खेल की समझ।
खेल सबसे ऊपर
वह 45 से ज्यादा के हो चले हैं। कोई और होता तो उम्र ने पहले ही ग्लव्स टांगने के लिए मजबूर कर दिया होता। हालांकि अब भी प्रशंसकों के लिए उनके बिना सीएसके टीम की कल्पना करना मुश्किल है। उनके चेहरे के साथ रचा गया यह पीला बैंड क्रिकेट वर्ल्ड की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक है। हो सकता है कि फैंस को अब यह रंग फीका लगे, लेकिन धोनी ने यह भी सिखाया है कि हर फैसला टीम को ध्यान में रखकर लिया जाना चाहिए। और मैदान पर परिस्थितियों के अनुसार भूमिका बदलनी पड़ती है। अब उसी बदलाव का वक्त है।



