छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय सचिव पद से हटे देवेंद्र, सियासी तंज

Devendra removed from the post of National Secretary, political jibe

भिलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा जारी राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई सूची में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को राष्ट्रीय सचिव पद से हटाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान खुलकर सतह पर आ गई है। इस सियासी घटनाक्रम के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी रहे मनीष बंछोर ने सोशल मीडिया पर ‘बाप तो बाप होता है’ लिखकर तंज कसा है। हालांकि पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिखा गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे सीधे तौर पर देवेंद्र यादव पर निशाने के रूप में देखा जा रहा है।

सोशल मीडिया पोस्ट से गरमाई सियासत

दरअसल, भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच लंबे समय से चल रही राजनीतिक दूरियों के संकेत अब सार्वजनिक होने लगे हैं। देवेंद्र यादव की राष्ट्रीय सचिव पद से विदाई के तुरंत बाद मनीष बंछोर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘बाप तो बाप होता है… जिस डाल में बैठे हो, उसी को काटोगे तो गिरना तय है… इति सिद्धम।’ यह टिप्पणी सामने आते ही प्रदेश कांग्रेस के भीतर शक्ति संतुलन और गुटबाजी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री रहते हुए देवेंद्र यादव युवा चेहरे के रूप में तेजी से उभरे थे और उन्हें राष्ट्रीय संगठन में सचिव जैसा महत्वपूर्ण दायित्व मिला था।

समर्थकों ने किया बड़ा दावा

एक तरफ जहां देवेंद्र यादव की विदाई पर तंज कसे जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके समर्थक इसे बड़े पद की तैयारी बता रहे हैं। समर्थकों का दावा है कि राष्ट्रीय सचिव पद से मुक्त किए जाने के बाद देवेंद्र यादव को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक संकेत या घोषणा नहीं हुई है, लेकिन यदि ऐसा होता है तो राज्य में कांग्रेस नेतृत्व का नया समीकरण बन सकता है।

भूपेश ने बताया व्यक्तिगत मामला

इस पूरे विवाद के तूल पकड़ने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया के जरिए अपना रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से कांग्रेस पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है और यदि कोई व्यक्ति कुछ कहता है, तो वह पूरी तरह उसका व्यक्तिगत मामला हो सकता है। वहीं, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने इस पूरे घटनाक्रम और सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाजी पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से साफ इन्कार कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button