छत्तीसगढ़

डीएवी का हरित भविष्य की ओर सार्थक कदम

DAV's meaningful step towards a green future

वन महोत्सव पखवाड़े के माध्यम से विद्यार्थियों में जगाई पर्यावरण संरक्षण की अलख

बेमेतरा:- डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जांता में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से 6 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय वन महोत्सव पखवाड़ा का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वृक्षारोपण, हरियाली संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

पखवाड़े का शुभारंभ विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने मिलकर पौधे लगाए तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन पर्यावरण विषय पर आधारित विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें चित्रकला एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता, निबंध एवं स्लोगन लेखन, भाषण एवं कविता वाचन, स्वच्छता अभियान, पौधों की देखभाल तथा पर्यावरण संरक्षण विषयक जागरूकता कार्यक्रम प्रमुख रहे।

विद्यालय ने विद्यार्थियों से प्रत्येक घर तक हरियाली का संदेश पहुँचाने तथा एक पौधा या एक गमला लाकर वृक्षारोपण अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया। पूरे पखवाड़े में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर यह संदेश दिया कि “आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य की नींव है।”

समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा सभी ने “एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ धरती के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

विद्यालय के प्राचार्य पी. एल. जायसवाल ने कहा कि “प्रकृति का संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि आज हम अधिक से अधिक वृक्ष लगाएंगे और उनका संरक्षण करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा।” विद्यालय भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button