छत्तीसगढ़

नगर कीर्तन की तारीख बदली, 22 नवंबर को आयोजन

Date of Nagar Kirtan changed; event to be held on November 22

रायपुर । सिख पंथ के पहले गुरु, गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर आज राजधानी रायपुर में निकलने वाला नगर कीर्तन स्थगित कर दिया गया है। गुरुद्वारा मैनेजमेंट ने बारिश की वजह से यह फैसला लिया है, यह आयोजन अब 22 नवंबर को होगा।

इस बार नगर कीर्तन में बस्तर से आने वाला आदिवासी नृत्य दल भी प्रस्तुति देगा। वहीं, 17 अलग-अलग पालकियों की जगह इस बार एक मुख्य पालकी निकाली जाएगी। इसके साथ पूरी संगत एक साथ शबद-कीर्तन करते हुए चलेगी।

नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर स्टेशन रोड गुरुद्वारा के प्रमुख इन्द्रजीत सिंघ छाबड़ा ने बताया कि इस बार केवल एक मुख्य पालकी निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य नगर कीर्तन की धार्मिक मर्यादा बनाए रखना और पूरी संगत को एक साथ जोड़ना है। मुख्य पालकी के आगे पांच गुरुद्वारों के पंज प्यारे चलेंगे।

150 साल पुरानी परंपरा से निकलेगा नगर कीर्तन

स्टेशन रोड गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकालने की परंपरा करीब 150 साल पुरानी है। हर साल गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर यह आयोजन किया जाता है।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार, इस आयोजन के जरिए 327 साल पुरानी पंज प्यारों की परंपरा को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

पंज प्यारों के चयन के लिए तय हैं धार्मिक नियम

नगर कीर्तन की अगुवाई करने वाले पांच पंज प्यारों का चयन धार्मिक नियमों के अनुसार किया जाता है। इसके लिए अमृतधारी सिख होना, रोजाना पांच बाणियों का पाठ करना और जीवन में अनुशासन का पालन करना जरूरी है।

इस बार हरिपाल सिंह ओबेरॉय, त्रिलोचन सिंह काले, लखवीर सिंह, सुखदेव सिंह और गुरजीत सिंह को पंज प्यारों के रूप में चुना गया है। नगर कीर्तन के दौरान जत्थेदार पंज प्यारों का मार्गदर्शन करेंगे।

डीजे और तेज आवाज वाले स्पीकर पर रहेगी रोक

नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में इसे अनुशासित और धार्मिक माहौल में निकालने के लिए कई फैसले लिए गए। इसके तहत डीजे और तेज आवाज वाले स्पीकर के इस्तेमाल पर रोक रहेगी।

केवल सामान्य माइक से गुरबाणी और शबद-कीर्तन का प्रसारण किया जाएगा, ताकि सभी लोग इसे साफ सुन सकें। इसके अलावा बाइक रैली में स्टंट करने और आतिशबाजी करने पर भी रोक रहेगी।

इन रास्तों से होकर गुजरेगा नगर कीर्तन

रायपुर ट्रैफिक एडिशनल DCP आरके बर्मन ने बताया कि नगर कीर्तन स्टेशन रोड गुरुद्वारा से शुरू होगा। यहां से यात्रा गुरु गोविंद सिंह चौक, फाफाडीह चौक, जेल रोड, शास्त्री चौक और घड़ी चौक होते हुए तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा धन-धन बाबा बूढ़ा साहिब पहुंचेगी।

65 संगतों ने सहज पाठ पूरा किया

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बीते रविवार को स्टेशन रोड गुरुद्वारा में श्री सहज पाठ का आयोजन किया गया। इसमें करीब 65 संगतों ने सहज पाठ की समाप्ति की। इस मौके पर बच्चों के लिए शबद, कीर्तन और पाठ का कार्यक्रम भी रखा गया, जिसमें करीब 110 बच्चों ने हिस्सा लिया।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि कार्यक्रम में सभी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सामूहिक लंगर का आयोजन हुआ।

24 नवंबर को खालसा स्कूल में सजेगा मुख्य दीवान

गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को खालसा स्कूल में होगा। यहां सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शबद, कीर्तन और पाठ का कार्यक्रम होगा। इसमें अमृतसर से आए प्रसिद्ध रागी जत्थे गुरबाणी कीर्तन करेंगे।

कार्यक्रम के बाद संगत के लिए लंगर की व्यवस्था रहेगी। वहीं, रात 8 बजे से 11 बजे तक विशेष दीवान सजेगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सभी संगतों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button