छत्तीसगढ़

अंबेडकर को भारत रत्न देने में कांग्रेस ने की देरी: साव

Congress delayed giving Bharat Ratna to Ambedkar: Saw

रायपुर। कांग्रेस के दो प्रधानमंत्रियों को भारत रत्न दिया गया, लेकिन संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को उनके हकदार होने के बावजूद यह सम्मान नहीं दिया गया। यह आरोप डिप्टी सीएम अरुण साव ने लगाया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब का कद छोटा करने की कोशिश की, ताकि वे नेहरू-गांधी परिवार के बराबर खड़े न हो सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दो बार लोकसभा चुनाव में बाबा साहेब को हराने की साजिश रची।

साव ने कहा कि जो पार्टी संविधान निर्माता का सम्मान नहीं कर पाई, वह किस मुंह से संविधान का सम्मान करने का दावा करती है? उन्होंने ये बातें 26 नवंबर को रायपुर में होने वाले संविधान गौरव दिवस के आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं।

डिप्टी सीएम ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने बाबा साहेब को जितना सम्मान दिया है, उतना पहले की किसी भी सरकार ने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज संविधान और उसके सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन उसे यह भी बताना चाहिए कि उसने संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के साथ कैसा व्यवहार किया था।

साव ने कहा कि बाबा साहेब को भारत रत्न देने का काम भाजपा समर्थित सरकार के समय हुआ। कांग्रेस के दो प्रधानमंत्रियों को भारत रत्न दिया गया, लेकिन बाबा साहेब को उनके जीवनकाल में यह सम्मान नहीं मिला, जबकि वे इसके हकदार थे।

पंचतीर्थों का विकास कर बाबा साहेब को सम्मान दिया

अरुण साव ने केंद्र सरकार की ओर से बाबा साहेब के सम्मान में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं बाबा साहेब की जन्मभूमि पहुंचे और उन्हें नमन कर श्रद्धांजलि दी। उनके जीवन और योगदान को याद करते हुए सरकार ने बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास कराया।

उन्होंने बताया कि बाबा साहेब की जन्मभूमि पर स्मारक बनाया गया। लंदन में उनकी शिक्षा से जुड़ी जगह पर डॉ. अंबेडकर मेमोरियल बनाया गया। नागपुर की दीक्षाभूमि का कायाकल्प किया गया। मुंबई की चैत्यभूमि में स्मारक और समाधि स्थल का निर्माण कराया गया। वहीं, दिल्ली में महापरिनिर्वाण भूमि पर नेशनल मेमोरियल बनाया गया। साव ने कहा कि ये सभी काम बाबा साहेब को सम्मान देने के लिए किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जब हम संविधान के सम्मान की बात करते हैं, तो संविधान निर्माता का सम्मान करना भी उतना ही जरूरी है। जो लोग बाबा साहेब का सम्मान नहीं करते, वे संविधान के सम्मान का दावा कैसे कर सकते हैं, इस बात को समझने की जरूरत है।

अनुच्छेद 370 हटाने को भी बाबा साहेब की सोच से जोड़ा

डिप्टी सीएम ने संविधान में अनुच्छेद 370 को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर अनुच्छेद 370 के प्रावधान के पक्ष में नहीं थे और उन्होंने इसका विरोध किया था।

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने संविधान से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने का काम किया। साव ने इसे बाबा साहेब की सोच के अनुरूप उठाया गया कदम बताया।

14 अप्रैल को समरसता दिवस मनाने का भी जिक्र

साव ने कहा कि केंद्र सरकार ने 14 अप्रैल को बाबा साहेब के जन्मदिवस को समरसता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। बाबा साहेब के विचारों, उनके संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान को याद करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए संविधान निर्माता का सम्मान करना भी आवश्यक है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के जरिए संविधान और उसके निर्माण में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button