36 दिन में धान खरीदी पूरी करना चुनौती: दीपक बैज
Completing paddy procurement in 36 days is a challenge: Deepak Baij

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की धीमी रफ्तार को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 160 लाख टन धान खरीदी के लक्ष्य के मुकाबले शुरुआती 11 दिनों में सिर्फ 5% खरीदी हो पाई है। खरीदी के लिए छुट्टियों को छोड़कर कुल 47 दिन ही मिलेंगे। ऐसे में बाकी 36 दिनों में 95% लक्ष्य पूरा करना मुश्किल है।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर धान खरीदी की रफ्तार धीमी रख रही है। उनका कहना है कि सरकार किसानों का पूरा धान खरीदना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि कम समय में इतना बड़ा लक्ष्य पूरा करना किसानों और खरीदी केंद्रों के लिए चुनौती बन सकता है।
एग्रीस्टैक पोर्टल में रकबा शून्य दिखने की शिकायत
दीपक बैज ने एग्रीस्टैक पोर्टल में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार का दावा है कि पिछले साल पंजीयन कराने वाले किसानों को दोबारा पंजीयन की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद हजारों किसानों के पंजीकृत खसरे और रकबे इस साल पोर्टल पर शून्य दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई किसानों की धान की फसल को पोर्टल पर दूसरी फसल के रूप में दर्ज दिखाया जा रहा है। ऐसे में किसानों के सामने यह परेशानी है कि जब पिछले साल के पंजीयन के आधार पर उन्होंने धान बेचा था, तो इस साल उनका रकबा शून्य कैसे हो गया?
फसल सत्यापन और खरीदी व्यवस्था पर भी सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि खसरा और फसल से जुड़ी विसंगतियों, भौतिक सत्यापन की नई प्रक्रिया और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं के कारण किसानों में असमंजस है। बैज ने सरकार से धान खरीदी की व्यवस्था दुरुस्त करने और किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।



