पानी की समस्या दूर करने CM साय का बड़ा ऐलान
CM Sai makes major announcement to resolve water issues

भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने रिसाली के विकास के लिए 137 करोड़ रुपये के नए कार्यों की बड़ी घोषणा की, जिसमें वृहद पेयजल योजना प्रमुख रूप से शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के पूरा होने से रिसाली की वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी और लोगों को जल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
निकाय चुनाव की आचार संहिता से पहले विकास कार्यों की झड़ी
दुर्ग जिले के रिसाली, भिलाई और भिलाई-चरोदा नगर निगम में दिसंबर में चुनाव प्रस्तावित हैं। चुनावी आचार संहिता लागू होने से पहले मुख्यमंत्री तीनों नगर निगम क्षेत्रों में विकास कार्यों के लोकार्पण, भूमिपूजन और नई घोषणाओं के कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। मंगलवार को रिसाली में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भिलाई और शाम को भिलाई-चरोदा क्षेत्र में भी विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण करेंगे।
रिसाली के विकास में राशि की कमी नहीं होने देंगे: मुख्यमंत्री
रिसाली में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।


