
भिलाई। श्रवण-बाधित होने की चुनौती को पीछे छोड़कर फुटबॉल के मैदान पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे भिलाई-3 के 25 वर्षीय विशाल वाधवानी ने दक्षिण कोरिया में चल रही 5वीं एशिया-पैसिफिक डेफ (बधिर) फुटबॉल चैंपियनशिप में भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई है। रविवार को चीन के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में विशाल ने शानदार गोल दागा, जिसकी बदौलत भारत ने चीन को 2-1 से शिकस्त दी। डेफ फुटबॉल के इतिहास में चीन के खिलाफ भारत की यह पहली जीत है। इससे पहले वर्ष 2011 में चीन ने भारत को 5-0 से हराया था।
मेहनत से बनाया अंतरराष्ट्रीय सफर
विशाल भारतीय डेफ फुटबॉल टीम में छत्तीसगढ़ से चयनित होने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। लेफ्ट विंगर के रूप में खेलने वाले विशाल ने वर्ष 2010 में फुटबॉल का अभ्यास शुरू किया था। चरोदा रेलवे इंस्टीट्यूट के फुटबॉल मैदान में नियमित पसीना बहाकर उन्होंने खेल जगत में अपनी खास पहचान बनाई। वे मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ओर से इंदौर में भी प्रतियोगिताओं में खेल चुके हैं। उनके शानदार प्रदर्शन के दम पर दो बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी उनका चयन हुआ था। वर्तमान में उनका चयन बेंगलुरु स्थित खेलगांव के माध्यम से भारतीय टीम में हुआ है।



