छत्तीसगढ़

सरकारी वाहनों की नीलामी जल्द, वसूली में भी तेजी

Auction of government vehicles soon; recovery efforts also accelerating.

रायपुर । रायपुर जिले के सरकारी कार्यालयों और परिसरों में लंबे समय से खड़े वाहनों की नीलामी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कई विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए राजस्व वसूली में तेजी लाने और तय समय में मामलों का निराकरण करने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने आरआरसी प्रकरणों में सख्ती से वसूली करने के निर्देश दिए। साथ ही विवादित और अविवादित नामांतरण, बंटवारा, डायवर्सन और सीमांकन के लंबित मामलों को समय-सीमा में निपटाने को कहा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़े कार्यों में भी तेजी लाने और आरबीसी 6(4) के लंबित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलेगा फ्री बस पास

इस बैठक में सामाजिक कल्याण से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए निशुल्क बस पास बनाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने को कहा।

वहीं, परिवहन विभाग के अधिकारियों को 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले पात्र दिव्यांगजनों के लिए भी निशुल्क बस पास की सुविधा आसान बनाने के निर्देश दिए।

राज्योत्सव की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा

कलेक्टर ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए निर्माण एजेंसियों की बैठक आयोजित करने को कहा। साथ ही आगामी राज्योत्सव के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय कामकाज की नियमित निगरानी करने और लंबित मामलों का तय समय में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

इस बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button