छत्तीसगढ़

ब्लास्ट के बाद एक्शन, CEO की गिरफ्तारी को रायपुर में रेड

Action after blast, raid in Raipur to arrest CEO

रायपुर। नागपुर फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में विस्फोटक बनाने वाली कंपनी SBL एनर्जी लिमिटेड (पहले अमीन एक्सप्लोसिव प्राइवेट लिमिटेड) पर पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। कंपनी के CEO आलोक संपत सिंह चौधरी और उनके भाई संजय संपत सिंह चौधरी को गिरफ्तार करने के लिए नागपुर पुलिस की एक टीम सोमवार को रायपुर पहुंची।

स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों के घर और कंपनी के दफ्तर में छापा मारा गया, लेकिन दोनों वहां नहीं मिले। पुलिस के मुताबिक नागपुर फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में दोनों भाइयों के खिलाफ पहले से केस दर्ज है। कोर्ट से उनके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुका है। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है।

1 मार्च 2026 को नागपुर स्थित एसबीएल एनर्जी के गोला-बारूद और डेटोनेटर बनाने वाले प्लांट में जोरदार विस्फोट हुआ था। इस हादसे में 23 कर्मचारियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।

जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी के सीईओ, उनके भाई और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या, सबूत छिपाने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर पीठ ने दोनों भाइयों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।

इसके बाद 23 मार्च 2026 को कलमेश्वर कोर्ट ने उनके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया। साथ ही उनके नाम पर लुक-आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया।

अमेरिका के प्रतिबंध के बाद बढ़ी कार्रवाई

हाल ही में अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने सूडान में चल रहे गृहयुद्ध के दौरान कथित तौर पर विस्फोटक सामग्री की आपूर्ति के आरोप में एसबीएल एनर्जी और उसके सीईओ पर प्रतिबंध लगाए हैं। इसके बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया।

माना जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़े दबाव के बाद नागपुर पुलिस ने भी इस पुराने मामले में गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी है।

रायपुर में भी हुई तलाश

रायपुर के सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि नागपुर पुलिस की टीम स्थायी गिरफ्तारी वारंट की तामील के लिए रायपुर पहुंची थी। देवेंद्रनगर थाना पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन वे वहां नहीं मिले। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button