
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग कोर्स की खाली सीटों पर एडमिशन के लिए सेकंड और मॉप-अप राउंड की जॉइंट काउंसिलिंग शुरू हो गई है। कैंडिडेट्स 22 नवंबर दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन अप्लाई कर सकेंगे।
इस राउंड में नए कैंडिडेट्स को भी रजिस्ट्रेशन का मौका दिया गया है। वहीं, पहले से रजिस्ट्रेशन करा चुके एलिजिबल कैंडिडेट्स को भी दोबारा कॉलेज और कोर्स का ऑप्शन भरकर लॉक करना होगा।
संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की स्टेट काउंसिलिंग कमेटी के मुताबिक, इस प्रोसेस में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की खाली सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा।
पहले एडमिशन ले चुके कैंडिडेट्स भी करा सकेंगे सीट अपग्रेड
पहले राउंड में एडमिशन ले चुके एलिजिबल कैंडिडेट्स को नियमानुसार सीट अपग्रेड करने का ऑप्शन मिलेगा। यानी वे अपनी मौजूदा सीट से बेहतर कॉलेज या कोर्स का ऑप्शन चुन सकेंगे।
इस जॉइंट काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी एलिजिबल कैंडिडेट्स के लिए दोबारा चॉइस फिलिंग और लॉकिंग करना जरूरी है।
बीएससी नर्सिंग में 10 पर्सेंटाइल तक वाले भी कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन
बीएससी नर्सिंग एंट्रेंस एग्जाम में 10 पर्सेंटाइल तक स्कोर करने वाले कैंडिडेट्स भी इस राउंड में रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे और कॉलेज का ऑप्शन चुन सकेंगे। यह छूट सिर्फ बीएससी नर्सिंग कोर्स के लिए लागू होगी।
खाली सीटों की कैटेगरी में भी होगा बदलाव
जॉइंट काउंसिलिंग के दौरान बची हुई सीटों के कैडर, कैटेगरी और कोटे में छत्तीसगढ़ नर्सिंग कोर्स एडमिशन रूल्स 2026 के नियम 10 और 11 के मुताबिक बदलाव किया जाएगा।
कैंडिडेट्स रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग, सीट अलॉटमेंट और एडमिशन से जुड़ी जानकारी के लिए संचालनालय की ऑफिशियल वेबसाइट www.cgdme.in पर विजिट कर सकते हैं।



