MM FIS कंपनी के मुनीम की चाकू मारकर हत्या, वेतन विवाद में वारदात की आशंका
Accountant of MM FIS company stabbed to death; incident suspected to stem from a salary dispute.

लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जिले के बोइरगांव क्षेत्र में तालाब बनाकर मछली पालन का व्यवसाय करने वाली MM FIS कंपनी के मुनीम बिप्लब मंडल की अज्ञात हमलावरों ने चाकू से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बिप्लब मंडल पिछले सात-आठ वर्षों से MM FIS कंपनी में मुनीम के पद पर कार्यरत थे। शनिवार को वे कंपनी की मछलियां लेकर धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में बिक्री करने गए थे। मछली बेचने के बाद देर शाम वे अपने दोपहिया वाहन से वापस बोइरगांव लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि रात करीब 7 से 8 बजे के बीच नगरी के पास गोरेगांव के जंगल के समीप चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बिप्लब मंडल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय बिप्लब मंडल के साथ गांव का ही युवक टूम्मन यादव भी बाइक पर सवार था। वही हमलावरों ने टूम्मन यादव पर हमला नहीं किया, बल्कि उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर डाल दिया। इसके बाद टूम्मन यादव मृतक के ही दोपहिया वाहन से गांव पहुंचा और मृतक के परिजनों सहित ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे वेतन बढ़ाने को लेकर चल रहा विवाद कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और अभी तक इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मामले में जिन चार संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, उनमें सुरेंद्र यादव (26 वर्ष), मयंक नेताम (20 वर्ष), जगदीश विश्वकर्मा (56 वर्ष) और बबलू नेताम भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी बोइरगांव के निवासी हैं और MM FIS कंपनी में कार्यरत थे।
फिलहाल चारों संदिग्धों को पूछताछ के लिए नगरी थाना लाया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है तथा हत्या के कारणों और वारदात में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।



