छत्तीसगढ़

यूनियन बैंक में सेंधमारी, स्ट्रांग रूम खोलने की कोशिश

Break-in at Union Bank; attempt to open strong room.

रायपुर। रायपुर के चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच में रात के समय सेंधमारी की कोशिश की गई है। अज्ञात आरोपी ने बैंक के ताले और शटर तोड़कर अंदर घुसा किया। उसने ब्रांच मैनेजर के केबिन, चेकबुक ड्रॉप बॉक्स, टेबल की दराज और कंप्यूटर मॉनिटर को नुकसान पहुचाया ।

कैश वॉल्ट यानी स्ट्रांग रूम का लॉक भी डैमेज मिला। बैंक प्रबंधन ने थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।

बैंक बंद होने के बाद की सेंधमारी

बैंक शाखा प्रबंधक गणेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 5 अक्टूबर को रोजाना का काम पूरा करने के बाद शाम करीब 7 बजे शाखा बंद कर दी गई थी। अगले दिन 6 अक्टूबर को सुबह करीब 9.30 बजे कर्मचारी दानिश खान बैंक खोलने पहुंचे। इस दौरान शाखा प्रमुख के केबिन के प्रवेश द्वार का ताला टूटा हुआ था और शटर भी क्षतिग्रस्त मिला।

खिड़की का कांच टूटा मिला

कर्मचारी ने तुरंत शाखा प्रबंधक को घटना की जानकारी दी। मैनेजर मौके पर पहुंचे और बैंक परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान खिड़की का कांच टूटा मिला। आशंका है कि अज्ञात आरोपी ने ताला तोड़ने के बाद खिड़की का कांच तोड़कर बैंक के अंदर प्रवेश किया।

स्ट्रांग रूम का लॉक भी तोड़ने का प्रयास

निरीक्षण के दौरान चेकबुक ड्रॉप बॉक्स और टेबल की दराज क्षतिग्रस्त, खुली मिली। बैंक में लगे कंप्यूटर स्क्रीन और मॉनिटर को भी नुकसान पहुंचाया गया था। अज्ञात आरोपी ने कैश वॉल्ट यानी स्ट्रांग रूम का लॉक तोड़ने की भी कोशिश की।

बैंक प्रबंधन के मुताबिक शाखा में रखी नकदी, दस्तावेज, अभिलेख और अन्य संपत्तियों का विस्तृत आकलन अभी किया जाना बाकी है। बैंक मैनेजर ने अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच और आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

आमानाका पुलिस केस दर्ज कर मामले में जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button