छत्तीसगढ़

कांग्रेस का बड़ा विरोध प्रदर्शन, प्रदेशभर में सत्याग्रह आज

Major Congress protest; Satyagraha across the state today.

रायपुर। हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली स्थल पर कथित शुद्धिकरण की घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कांग्रेस आज प्रदेशभर में जिला स्तरीय मार्च और सत्याग्रह करेगी। कांग्रेस ने सभी जिला, शहर, नगर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के साथ मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठ-विभागों को कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी पत्र में 14 अगस्त की शाम विशाल मार्च और सत्याग्रह आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कांग्रेस अध्यक्ष के समर्थन में किया जा रहा है।

हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली स्थल के ‘शुद्धिकरण’ का विरोध

हाल ही में हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस की रैली के स्थल पर हिंदू राइट विंग संगठन की ओर से गंगाजल से कथित ‘शुद्धिकरण’ किया गया। कांग्रेस के मुताबिक, मंच पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी के कारण स्थल को कथित तौर पर ‘अपवित्र’ बताया गया और इसके बाद गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया।

कांग्रेस ने इस घटना को शर्मनाक और प्रतिगामी कृत्य बताते हुए विरोध जताया है। पार्टी का कहना है कि यह केवल कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की गरिमा, समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा जैसे संवैधानिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है।

कांग्रेस बोली- ऐसी मानसिकता के लिए लोकतांत्रिक समाज में जगह नहीं

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस घटना को भाजपा की कथित विभाजनकारी मानसिकता का प्रतिबिंब बताया है। कांग्रेस का कहना है कि भारत के संविधान से संचालित लोकतांत्रिक समाज में इस तरह की भेदभावपूर्ण सोच और मानसिकता का कोई स्थान नहीं है।

आज शाम जिला स्तर पर मार्च और सत्याग्रह

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज शाम प्रदेश के सभी जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों में मार्च, सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, कांग्रेस कमेटियों, मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठ-विभागों से कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल होने का आह्वान किया है।

कांग्रेस के मुताबिक, मार्च और सत्याग्रह के जरिए हल्द्वानी की घटना के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के साथ सामाजिक समानता, सम्मान, बंधुत्व और संवैधानिक मूल्यों के समर्थन में आवाज उठाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button