छत्तीसगढ़

संवेदनशील शासन का असर, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से मजबूत हो रहे परिवार

Impact of responsive governance: Families being strengthened by social security schemes.

बिहान के वित्तीय साक्षरता अभियान का सकारात्मक परिणाम, बीमा योजनाओं से मिला चार लाख रुपये का आर्थिक संबल

रायपुर  । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र परिवार को ऐसी योजनाओं से जोड़ा जाए, जो विपरीत परिस्थितियों में उनके लिए आर्थिक सुरक्षा कवच बन सकें। इसी दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से संचालित वित्तीय साक्षरता अभियान का सकारात्मक परिणाम गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में देखने को मिला, जहां ग्राम महोरा की आरती स्व-सहायता समूह की सदस्य स्वर्गीय श्रीमती भाग्यवती पोर्ते के आकस्मिक निधन के बाद उनके नामित पति श्री मनोज सिंह पोर्ते को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत कुल 4 लाख रुपये की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकेश रावते तथा छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, पेंड्रा के शाखा प्रबंधक श्री सुमित केशरवानी ने संयुक्त रूप से हितग्राही को दोनों योजनाओं के अंतर्गत 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि के स्वीकृति दस्तावेज सौंपे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल दे रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से संचालित वित्तीय साक्षरता अभियान के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, बचत, बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें इन योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत स्वर्गीय श्रीमती भाग्यवती पोर्ते का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में बीमा कराया गया था, जिसके कारण उनके निधन के बाद उनके परिवार को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सकी।
बीमा सहायता प्राप्त करने के बाद श्री मनोज सिंह पोर्ते ने राज्य शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में प्राप्त यह सहायता उनके परिवार के लिए बड़ा संबल है। उन्होंने बताया कि बीमा राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा-दीक्षा, उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आवश्यक पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। साथ ही राशि का एक हिस्सा बच्चों के नाम सावधि जमा के रूप में निवेश किया जाएगा, ताकि भविष्य में उनकी शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र परिवार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। यही कारण है कि बिहान के माध्यम से स्व-सहायता समूहों को वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सेवाओं और बीमा योजनाओं से जोड़ने का अभियान निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। इससे ग्रामीण महिलाओं में वित्तीय जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ उनके परिवारों को भी संकट की घड़ी में आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिल रहा है।
केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का यह सुरक्षा कवच न केवल आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा है, बल्कि परिवारों को आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति नई आशा भी दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button