रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
मऊगंज। जिले के हनुमना थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 24 वर्षीय एक युवक को बेरहमी से पीटकर निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया गया। आरोपियों ने न केवल युवक की पिटाई की बल्कि जंगल में रस्सी से बांधकर घंटों तक बंधक बनाकर रखा और इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया। यह वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया।
जानकारी के मुताबिक घटना 26 अगस्त की सुबह 9 से 10 बजे के बीच की है। आरोप है कि गांव के लालमणि कुशवाहा, सोनू उर्फ सोहनलाल कुशवाहा, अनिल कुशवाहा और सुनील कुशवाहा ने युवक से शराब के लिए 1200 रुपए मांगे थे। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो चारों ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई की, कपड़े उतरवाए और पूरे गांव में घुमाया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसे जंगल में रस्सी से बांधकर कई घंटे तक बंधक बनाए रखा और धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो जान से मार देंगे। किसी तरह मौका पाकर वह भागकर प्रयागराज चला गया। घटना का वीडियो शुक्रवार को वायरल हुआ तो पीड़ित के घरवालों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद युवक शनिवार को मऊगंज पहुंचा और हनुमना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चौथे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि “दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”
