बिलासपुर में प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की हत्या

Youth murdered in Bilaspur over a dispute involving a romantic affair.

बिलासपुर। सीपत क्षेत्र में प्रेम संबंध के दौरान हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। प्रेमी द्वारा चरित्र पर संदेह जताते हुए तुम इधर-उधर घूमती रहती हो कहकर गाली-गलौज करने और गला दबाने की कोशिश करने लगा। इसके बाद प्रेमिका ने भी उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद प्रेमिका शव को घर की बाड़ी में छोड़कर फरार हो गई। पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपित युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस टीम ने सीन ऑफ क्राइम भी किया

सीपत टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि 29 जुलाई को ग्राम कौड़िया निवासी दुर्गा प्रसाद पटेल ने सूचना दी कि चंद्रप्रकाश पटेल अपने घर की बाड़ी में मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया। घटनास्थल का निरीक्षण जिला मुख्यालय की सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी किया।

पिछले दो साल से प्रेम संबंध थे

जांच के दौरान स्वजन और अन्य लोगों से पूछताछ में पता चला कि मृतक के ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वशी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30) के साथ पिछले दो साल से प्रेम संबंध थे। घटना वाले दिन भी महिला उससे मिलने उसके घर आई थी। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उर्वशी दास महंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया

पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी स्कूटी से चंद्रप्रकाश के घर पहुंची थी। उस समय चंद्रप्रकाश शराब के नशे में था। उसने युवती पर इधर-उधर घूमने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान चंद्रप्रकाश ने युवती का गला दबाना शुरू कर दिया। खुद को बचाने के प्रयास में युवती ने भी उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद युवती ने शव को घर की बाड़ी में छोड़ दिया और वहां से चली गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपित युवती को गिरफ्तार कर लिया है।

Exit mobile version