एसिड अटैक में युवती का चेहरा-आंख झुलसा, रायपुर रेफर
Young woman's face and eyes scorched in acid attack; referred to Raipur.

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक हुआ है। युवती आमापारा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी, तभी PWD कॉलोनी में एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया। एसिड से छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा और आंख-चेहरा बुरी तरह झुलस गया है।
उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। छात्रा की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है। घटना बालोद थाना इलाके के आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने की है।
तेज जलन से चिल्लाने लगी, आसपास के लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के मुताबिक छात्रा की उम्र 22 साल है। वह MA की पढ़ाई पूरी कर चुकी है। अभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। सोमवार दोपहर को छात्रा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया। एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चिल्लाने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। चेहरे और आंख के आसपास भी जली है। पीड़िता बालोद शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है।
एसिड डालने के बाद पैदल भागा आरोपी
घटना के बाद आरोपी युवक पैदल ही आमापारा केनाल की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही टीआई, एसपी और एएसपी समेत प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि, छात्रा पर हमला किस वजह से किया गया। आरोपी ने किस तरह के एसिड का इस्तेमाल किया।


