प्रेम प्रसंग में युवती की मौत: आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
Young woman's death linked to romantic affair: Accused of abetting suicide arrested and sent to jail.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। जवा थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, जवा थाना में दर्ज गुमशुदगी प्रकरण क्रमांक 27/26 की लापता युवती शिवानी मिश्रा का शव बाद में सोहागी थाना क्षेत्र की तमस नदी में मिला था। इसके बाद जवा थाना में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को साक्ष्य मिले कि विपिन शर्मा उर्फ सेन (निवासी सिटकहियां अकौढ़ा, थाना कौंधियारा, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश) ने युवती को आत्महत्या के लिए उकसाया था। इसके आधार पर जवा थाना में आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए गए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा तथा एसडीओपी डभौरा नारायण सिंह कुमरे के निर्देशन में थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रन्नू देवी, आरक्षक सूरज सिंह, वेद वर्मा, शरद पाण्डेय एवं सैनिक हीरामणि पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



