बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र में रहने वाली युवती के निजी फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने तथा उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने युवती के पूर्व प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपित ने युवती के व्हाट्सएप हैक कर उसके ही स्टेटस पर निजी वीडियो और एडिट किए गए फोटो अपलोड कर उसे बदनाम करने की कोशिश की।
कोतवाली सीएसपी गगन कुमार(आइपीएस) 20 जुलाई को पीड़िता ने थाना तोरवा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसका पूर्व परिचित प्रशांत राज (23), निवासी ग्राम खैरा, थाना रतनपुर, के पास दोनों के निजी पलों के फोटो और वीडियो सुरक्षित थे। दोनों के बीच संबंध समाप्त होने के बाद आरोपित ने बदला लेने की नीयत से उन निजी तस्वीरों और वीडियो का दुरुपयोग किया।
आरोपित ने व्हाट्सएप खाते से छेड़छाड़ कर पीड़िता के ही व्हाट्सएप स्टेटस पर निजी वीडियो और एडिट किए गए फोटो अपलोड कर दिए, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची। विरोध करने पर आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस की टीम ने आरोपित के ठिकाने पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपित को न्यायाल के निर्देश पर जेल भेजा गया है।
