योगी सरकार ने दिया 15 लाख शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का तोहफा

Yogi government gave the gift of cashless medical facility to 15 lakh teachers.

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 32 प्रस्तावों में से 30 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। उत्तर प्रदेश के लगभग 15 लाख शिक्षकों को कैशलेश चिकित्सीय सुविधा का तोहफा योगी सरकार ने दिया है।

संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई है। बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े अहम फैसले भी लिए गए।

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत सभी शिक्षकों को अब कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। यह सुविधा आयुष्मान योजना के माध्यम से प्रदान की जाएगी, जिससे लगभग 12 लाख शिक्षक लाभान्वित होंगे। इस निर्णय से शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित होगा।

वहीं, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी ने जानकारी दी कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले लगभग तीन लाख शिक्षकों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है और यह निर्णय उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।

कैबिनेट के इन फैसलों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे प्रदेश के लाखों शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी सामाजिक सुरक्षा मजबूत होगी।

Exit mobile version