“सुरक्षा मित्र” समारोह में श्रमिक हुए पुरस्कृत
Workers were awarded at the "Suraksha Mitra" ceremony.

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में “सुरक्षा मित्र” पहल के अंतर्गत ठेका कर्मियों को सुरक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान एवं सुरक्षित कार्यप्रणाली के लिए सम्मानित किया जाता है। 15 अक्टूबर 2025 को प्लेट मिल सभागार में आयोजित “सुरक्षा मित्र पुरस्कार वितरण” कार्यक्रम में महिला ठेका श्रमिकों को उनके उत्कृष्ट एवं सुरक्षित कार्य निष्पादन के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य महाप्रबंधक (प्रचालन) श्री कार्तिकेय बेहेरा ने “घर से घर तक सुरक्षा” की अवधारणा को रेखांकित करते हुए कार्यस्थल एवं घरेलू जीवन में सुरक्षा आदतों को अपनाने पर बल दिया। महाप्रबंधक (प्लेट मिल, यांत्रिकी) श्री जे. सुधाकर ने कार्यस्थल पर मशीनों के परिचालन के दौरान अपनाई जाने वाली सतर्कता पर अपने विचार साझा किए। महाप्रबंधक (प्लेट मिल, विद्युत्) श्री सी. पद्मनाभन ने विद्युतीय कार्यों से जुड़े जोखिमों और सुरक्षा उपायों के विषय में जानकारी प्रदान की। विभागीय सुरक्षा अधिकारी एवं महाप्रबंधक (प्लेट मिल) श्री हेमंत बहुरूपी ने महिला श्रमिकों की दुर्घटनारहित कार्य-संस्कृति की सराहना की।
वरिष्ठ प्रबंधक (प्लेट मिल) सुश्री हिमानी ठाकुर ने महिलाओं द्वारा गृहस्थ दायित्वों और कार्य के बीच संतुलन साधते हुए सुरक्षा मानकों के प्रति दिखाई जा रही सजगता की सराहना की। वहीं वरिष्ठ प्रबंधक (प्लेट मिल) सुश्री दीपा रावत ने कार्यस्थल पर उपकरणों के सुरक्षित उपयोग एवं सावधानीपूर्वक कार्य विधि पर अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में श्रीमती मेमबाई ने संयंत्र सुरक्षा पर आधारित प्रेरणादायक काव्य प्रस्तुति दी। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं श्रीमती शारदा प्रथम, श्रीमती सरिता निषाद द्वितीय तथा श्रीमती गायत्री साहू तृतीय को पुरस्कृत किया गया एवं श्रीमती मेमबाई को विशिष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साथ ही सभी सहभागी महिला श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन करने हेतु सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मानव संसाधन अधिकारी सुश्री तन्मयी, श्री श्यामल बैनर्जी, सुश्री नीता, सुश्री मीनू चौहान एवं श्री सत्य नारायण मेहर ने अपना योगदान दिया। आभार प्रदर्शन सुरक्षा अधिकारी व सहायक प्रबंधक (प्लेट मिल) श्री दीपक पारया ने किया।



