प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में शामिल होने आ रहे कार्यकर्ताओं की बस हुईं दुघर्टनाग्रस्त, 3 की मौत, 6 घायल

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए राजधानी रायपुर आ रहे कार्यकर्ताओं से भरी एक बस आज तड़के बिलासपुर में हादसे का शिकार हो गई। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उक्त बस में चालीस लोग सवार थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर से भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर रायपुर आ रही बस बिलासपुर के बेलतरा थाना क्षेत्र में सड़क पर खड़े एक हाइवा से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हुए है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। बस में सवार अधिकांश लोग नींद में थे। दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे हुई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हादसे पर दु:ख व्यक्त किया है।साथ ही सभी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। वहीं भाजपा की छत्तीसगढ़ ईकाई ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख की सहायता राशि की घोषणा की है।


