लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद
गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लाक मुख्यालय में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के भीतर की नाराजगी खुलकर सामने आ गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं भाजपा सांसद रूपकुमारी चौधरी के खिलाफ पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने खुलकर असंतोष जताया। इससे भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।
जानकारी के अनुसार, शाला प्रवेश उत्सव में बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सांसद ने उनसे मुलाकात नहीं की और उनकी बात सुनने में रुचि नहीं दिखाई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे लंबे समय से संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने मीडिया के सामने अपनी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है, जिससे जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो इसका असर संगठन की मजबूती पर भी पड़ सकता है।
भाजपा के गढ़ माने जाने वाले क्षेत्र में इस तरह की खुली नाराजगी ने पार्टी की अंदरूनी कलह को सार्वजनिक कर दिया है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज हो गई है कि संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता है।
इस मामले में भाजपा के जिला प्रवक्ता डॉ. योगीराज माखन कश्यप, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष प्रमिला सोनवानी तथा किसान मोर्चा की विशेष आमंत्रित प्रदेश सदस्य कुमारी बाई पटेल ने भी अपनी-अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कार्यकर्ताओं की भावनाओं और संगठन से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी संगठन इस नाराजगी को किस तरह दूर करता है और इस मामले पर क्या कदम उठाए जाते हैं।
