इंदौर। मध्य प्रदेश एक बार फिर राष्ट्रीय महिला हाकी चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए तैयार है। खेल विभाग और हॉकी इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में ग्वालियर स्थित मध्य प्रदेश महिला हाकी अकादमी में चौथी हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप आयोजित होगी। इसके अलावा चौथी हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप का आयोजन भी किया जाएगा।
देशभर की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को एक ही मंच पर प्रतिस्पर्धा का अवसर देने वाली यह प्रतियोगिता भारतीय महिला हाकी के भविष्य को नई दिशा देने वाली साबित होगी। 24 जुलाई से तीन अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली चौथी जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप में देश की 12 प्रतिष्ठित अकादमियों की टीमें हिस्सा लेंगी।
मेजबान मध्य प्रदेश हाकी अकादमी सहित पंजाब, हरियाणा, गुजरात, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों की प्रमुख अकादमियां राष्ट्रीय खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
सब-जूनियर वर्ग में 16 टीमों की चुनौती
इसके बाद 26 जुलाई से तीन अगस्त तक चौथी सब-जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में देशभर की 16 अग्रणी हाकी अकादमियां भाग लेंगी। प्रतियोगिता युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने और भविष्य की भारतीय टीम के लिए मजबूत दावेदारी प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगी।
राष्ट्रीय खिताब की टक्कर 28 टीमों के बीच होगी
दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 28 अकादमी टीमें हिस्सा लेंगी। मैचों का आयोजन हाकी इंडिया के निर्धारित लीग एवं नाकआउट प्रारूप के अनुसार किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान देशभर से चयनकर्ता, प्रशिक्षक एवं तकनीकी अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच मिलेगा।
