रायपुर में महिला पर हमला, भीड़ बनी मूकदर्शक

Woman attacked in Raipur; crowd remains a mute spectator.

रायपुर । राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर में एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक महिला के बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटते और पेट पर लात मारते और घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं।

घटना रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक क्षेत्र में हुई, जहां उस समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसके बावजूद किसी ने महिला को बचाने या बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला खुद को बचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन युवक लगातार उसके साथ मारपीट करते रहे।

स्टेशन के आसपास मौजूद लोग पूरी घटना देखते रहे, जबकि कुछ लोग वीडियो बनाते नजर आए। घटना के दौरान महिला चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर आरोपी युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल युवक और महिला के बीच विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। दोनों के बीच किस बात को लेकर झगड़ा हुआ और मामला मारपीट तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। रायपुर पुलिस ने इस वीडियो की पुष्टि नहीं की है।

Exit mobile version