छत्तीसगढ़
“आप भी जानिए” कार्यक्रम के तहत कार्मिंकों की पत्नियों ने किया संयंत्र का भ्रमण
Wives of workers visited the plant under the "Aap Bhi Janaye" programme

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस विभाग में कार्यरत कार्मिकों की पत्नियों को संयंत्र के कार्यक्षेत्र से रूबरू कराने के उद्देश्य से “आप भी जानिए” कार्यक्रम का आयोजन मानव संसाधन विभाग में किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री मनोज कुमार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन- संकार्य) श्री संजय द्विवेदी, महाप्रबंधक (मानव संसाधन- आयरन एंड स्टील) सुश्री के. सुपर्णा तथा महाप्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी (ब्लास्ट फर्नेस) श्री विकास नशीने उपस्थित थे।
मानव संसाधन विभाग, कार्मिकों के परिवारजनों से अपनत्व एवं पारिवारिक रिश्ते को मजबूती प्रदान करने तथा उन्हें संयंत्र के उत्पादन गतिविधियों से परिचित कराने हेतु समय-समय पर “आप भी जानिए” कार्यक्रम का आयोजन करता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्मिकों की पत्नियों को संयंत्र की विविध कार्यप्रणालियों एवं उत्पादन प्रक्रियाओं से अवगत कराना है, जिससे वे अपने परिजन के कार्यस्थल एवं दायित्वों को बेहतर रूप से समझ सकें।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन- आयरन) श्री रोहित हरित ने सभी कार्मिकों के जीवनसंगनियों का स्वागत करते हुए संयंत्र की कार्यप्रणाली, उत्पादन एवं लाभ में कर्मियों के साथ-साथ उनके परिवारों की महत्वपूर्ण सहभागिता पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में ब्लास्ट फर्नेस विभाग के 22 कार्मिकों की पत्नियाँ शामिल हुई।
कार्यक्रम के शुभारंभ के पश्चात कार्मिकों की पत्नियों को संयंत्र भ्रमण कराया गया। संयंत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने ब्लास्ट फर्नेस-8, एसएमएस-3, यूनिवर्सल रेल मिल तथा कोक ओवन बैटरियों में उत्पादन प्रक्रिया को देखा तथा विभागीय सुरक्षा अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों को कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री मनोज कुमार ने संबोधन में उन्होंने ब्लास्ट फर्नेस विभाग को एक विस्तारित परिवार की संज्ञा देते हुए राष्ट्र निर्माण एवं विकास में सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली साझा करते हुए सुरक्षा को संयंत्र की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
महाप्रबंधक (मानव संसाधन- संकार्य) श्री संजय द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिस प्रकार देश की सेना, राष्ट्र की रक्षा करती है, उसी प्रकार हमारे कर्मठ कर्मचारी राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही महाप्रबंधक सुश्री के. सुपर्णा एवं श्री विकास नशीने ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन एच.आर. कार्यालय- ब्लास्ट फर्नेस विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में भाग लेने वाली सभी प्रतिभागियों ने भ्रमण सम्बंधित अपने अनुभव साझा करते हुए इस प्रकार के आयोजन के लिए संयंत्र प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।



