अंबिकापुर में वन्यजीव का हमला, तीन घायल

Wildlife attack in Ambikapur; three injured.

अंबिकापुर। क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अवंतिकापुर में रविवार को एक भालू के गांव में घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। आक्रामक भालू ने तीन ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना के संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी मेवालाल पटेल ने बताया कि भालू काफी आक्रामक है। वह गांव के पास एक चट्टान के बीच पत्थरों में फंस गया था, जिसे एक्सीवेटर मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। बाहर निकलने के बाद भालू जंगल की ओर भाग रहा था, लेकिन इसी दौरान कुछ ग्रामीण उसके सामने आ गए। घबराए भालू ने अचानक हमला कर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए।

घायल ग्रामीणों में अवध कुमार साकेत पिता नारायण दास साकेत को गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायलों को भी उपचार के लिए बिहारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अंबिकापुर रेफर किया गया।

घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी जा रही है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात के समय घर से बाहर निकलते समय टार्च और डंडा साथ रखें तथा अनावश्यक रूप से देर तक बाहर न घूमें। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगली जानवरों के नजदीक न जाने और किसी भी स्थिति में उन्हें छेड़ने की कोशिश न करने की सलाह दी है।

Exit mobile version