छत्तीसगढ़

सिगरेट नहीं मिली तो युवकों ने किया हमला

When they did not get cigarettes, the youths attacked

रायपुर। राजधानी रायपुर के डंगनिया इलाके में देर रात किराना कारोबारी से मारपीट की गई है। आरोप है कि दुकान बंद होने के बाद सिगरेट और गुटखा नहीं देने पर खुद को दबंग बताने वाले युवकों ने उसके साथ मारपीट की और घर में घुसकर हमला किया।

पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित कारोबारी का नाम नत्थू लाल साहू है, जबकि आरोपियों में वैभव ठाकुर, शिवा ठाकुर और अन्य शामिल बताए गए हैं। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।

डीडी नगर पुलिस के अनुसार, कारोबारी नत्थू लाल साहू ने शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि वह तरुण नगर, डंगनिया का निवासी है और “साईं प्रोविजन स्टोर्स” के नाम से दुकान संचालित करता है।

3 जून की रात करीब 11:30 बजे वह दुकान बंद कर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान राजू कार वॉश के सामने कुछ युवक खड़े मिले। पीड़ित के अनुसार, वहां मौजूद वैभव ठाकुर ने उसे दुकान खोलकर सिगरेट और गुटखा देने के लिए कहा।

कारोबारी द्वारा मना करने पर वैभव ठाकुर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर वैभव ठाकुर, शिवा ठाकुर और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और डंडों से उस पर हमला कर दिया।

घर तक पीछा कर मारपीट की

कारोबारी किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि आरोपी उसके पीछे-पीछे घर तक पहुंच गए और घर में घुसकर फिर से मारपीट की। इस घटना में कारोबारी की आंख के नीचे, कंधे और पैर में चोटें आई हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जांच अधिकारियों का कहना है कि कारोबारी से मारपीट करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button