बारिश से बदला मौसम, 9 डिग्री गिरा पारा

Weather changes due to rain; mercury drops by 9 degrees

रायपुर। तूफान अकवान के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पेंड्रा में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। वहीं, केशकाल में भी बूंदाबांदी के साथ धुंध छाई हुई है। यहां विजिबिलिटी कम होने से वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है।

शुक्रवार को दिनभर हुई बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट आई है। रायपुर में दिन का पारा सामान्य से 9 डिग्री नीचे चला गया। ठंड बढ़ने से शहर के कुछ इलाकों में लोग अलाव जलाकर आग तापते नजर आए।

मौसम विभाग के मुताबिक तूफान अकवान कमजोर जरूर पड़ रहा है, लेकिन इससे जुड़ा मौसम सिस्टम अभी भी नमी खींच रहा है। इसी वजह से छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना है।

रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से 9 डिग्री कम

शुक्रवार को रायपुर में दिन का तापमान 21 डिग्री और रात का 18.3 डिग्री रहा। दिन का तापमान सामान्य से 9 डिग्री कम दर्ज हुआ। शहर में दिनभर बादल छाए रहे और कुल 11.2 मिमी बारिश हुई।

प्रदेश में सबसे गर्म अंबिकापुर रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में रात का तापमान सबसे कम 12.6 डिग्री रहा।

रायपुर में बारिश के आसार

रायपुर में आज (शनिवार) सुबह से बादल छाए हुए हैं। शहर के एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

आगे दो दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में चक्रवाती सिस्टम के कमजोर पड़ने के साथ बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे बदलाव होगा ।

Exit mobile version