विप्र स्वाभिमान यात्रा पहुंची सरायपाली , आतिशबाजी के साथ किया गया स्वागत

महासमुंद @ अमिताभ पॉल। ब्राह्मणों के स्वाभिमान को जगाने के उद्देश्य को लेकर राजधानी रायपुर के गायत्री नगर से शुरू की गई विप्र स्वाभिमान यात्रा सरायपाली पहुंची। उत्कल ब्राह्मण समाज के प्रदेश संरक्षक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा का सरायपाली पहुंचने पर समग्र विप्र समाज सरायपाली के पदाधिकारियों ने आतिशबाजी के साथ स्वागत किया।

सैफ अली नगर के घंटेश्वरी मंदिर से बाइक रैली समाज के सदस्यों द्वारा निकाली गई जो जयस्तंभ चौक पर सभा के रूप में तब्दील हो गई। विप्र स्वाभिमान यात्रा के साथ चल रहे अतिथियों का श्रीफल और पुष्प से स्वागत किया गया। यात्रा के उद्देश्य को लेकर संरक्षक श्री मिश्रा ने बताया कि ब्राह्मण में सोए हुए स्वाभिमान को जगाने के उद्देश्य को लेकर यह यात्रा शुरू की गई है । राजधानी रायपुर से रायगढ़ जिले के घरघोड़ा तक आयोजित होगी। इस दौरान पिथौरा, बसना, सरायपाली सारंगढ़, रायगढ़ सहित अन्य जगहों पर समाज के लोगों के बीच बैठकर सामाजिक मुद्दों पर गहन विचार विमर्श किया जाएगा और समाज सुधार पर जोर दिया जाएगा।


उन्होंने कहा कि समाज को संगठित करना आज की आवश्यकता है। ब्रह्मणों में सोए हुए स्वाभिमान को जगाना इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है। यात्रा को लेकर समाज में जिस तरह से उत्साह का माहौल देख रहा है, उससे निश्चित तौर पर ब्राह्मण समाज और अधिक मजबूत होकर आगे बढ़ सकेगा। कार्यक्रम में महासमुंद जिला अध्यक्ष नित्यानंद मिश्रा, सरायपाली के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र मिश्रा सहित विप्र समाज के तमाम वरिष्ठ जन और पदाधिकारी सदस्यगण उपस्थित थे।



