करोड़ों का कमीशन पहुंचाने वाला विकास गिरफ्तार

Vikas, who facilitated commissions worth crores, arrested

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 2,883 करोड़ रुपए से ज्यादा के कथित शराब घोटाले में लंबे समय से फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को दुबई में गिरफ्तार किया गया है। उसे अक्टूबर 2026 के तीसरे सप्ताह में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारियों ने पकड़ा था।

गिरफ्तारी के बाद से वह UAE अधिकारियों की हिरासत में है। अब उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि इससे जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। हालांकि, उसे भारत कब लाया जाएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

शराब सिंडिकेट के पैसों का हिसाब संभालता था

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में विकास अग्रवाल की भूमिका अहम बताई गई है। एजेंसी के मुताबिक, वह शराब सिंडिकेट में पैसों का हिसाब संभालता था।

आरोप है कि वह डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन वसूलता था। इसके बाद यह रकम अनवर ढेबर तक पहुंचाता था। ED ने उसे सिंडिकेट के पैसों के लेन-देन की अहम कड़ी बताया है।

2019 से 2023 के बीच 2,883 करोड़ की अवैध कमाई का आरोप

ED के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 2019 से 2023 के बीच शराब सिंडिकेट ने अलग-अलग तरीकों से 2,883 करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध कमाई की।

जांच में सरकारी शराब दुकानों से बिना हिसाब बिक्री, शराब की खरीद कीमतों में गड़बड़ी और विदेशी शराब के लाइसेंस से जुड़े कमीशन वसूलने के आरोप सामने आए हैं। इस मामले में जांच एजेंसियां अब तक कई चार्जशीट दाखिल कर चुकी हैं।

भारत आने पर कमीशन नेटवर्क से जुड़े खुलासों की उम्मीद

वहीं, अब विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को जांच में अहम माना जा रहा है। भारत आने के बाद ED उससे कमीशन नेटवर्क, पैसों के लेन-देन और घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर सकती है।

एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ में शराब सिंडिकेट के काम करने के तरीके और पैसों के लेन-देन से जुड़े अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।

जानिए क्या है छत्तीसगढ़ का शराब घोटाला

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में ED जांच कर रही है। ED ने ACB में FIR दर्ज कराई है। दर्ज FIR में 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले की बात कही गई है।

ED ने अपनी जांच में पाया कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में IAS अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी AP त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिया गया था।

फरवरी 2019 में बना था सिंडिकेट

कारोबारी अनवर ढेबर ने सिंडिकेट बनाने के लिए फरवरी 2019 में जेल रोड स्थित होटल वेनिंगटन में प्रदेश के 3 डिस्टलरी मालिकों को बुलाया। इस मीटिंग में छत्तीसगढ़ डिस्टलरी से नवीन केडिया, भाटिया वाइंस प्राइवेट लिमिटेड से भूपेंदर पाल सिंह भाटिया और प्रिंस भाटिया शामिल हुए।

साथ ही वेलकम डिस्टलरी से राजेंद्र जायसवाल उर्फ चुन्नू जायसवाल के साथ हीरालाल जायसवाल और नवीन केडिया के संपर्क अधिकारी संजय फतेहपुरिया पहुंचे। मीटिंग में इनके अलावा एपी त्रिपाठी और अरविंद सिंह भी मौजूद थे।

 

Exit mobile version