भिलाई इस्पात संयंत्र के बार एवं रॉड मिल विभाग में सतर्कता जागरूकता माह के अंतर्गत सिक्योर भवन के सभागार में सतर्कता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बार एवं रॉड मिल, मर्चेंट मिल तथा वायर रॉड मिल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम एवं एमडब्ल्यूआरएम) श्री योगेश शास्त्री अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में सतर्कता ही बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कार्यस्थल पर पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक मूल्यों के पालन को आवश्यक बताते हुए कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को सतर्कता संबंधी नियमों एवं प्रावधानों की जानकारी रखनी चाहिए तथा अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी नवीनतम जानकारियों से निरंतर अपडेट रहना चाहिए।
कार्यशाला में सतर्कता विभाग की ओर से महाप्रबंधक सुश्री रेनू गुप्ता एवं उप महाप्रबंधक श्री नवनीत शर्मा ने विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने विभिन्न केस स्टडी के माध्यम से सतर्कता संबंधी नियमों, प्रक्रियाओं एवं प्रावधानों की व्यावहारिक जानकारी दी। प्रस्तुतीकरण को रोचक एवं संवादात्मक शैली में प्रस्तुत किया गया, जिससे प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
वक्ताओं ने दैनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, ईमानदारी, जवाबदेही एवं सतर्कता बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों में सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ संगठन में स्वच्छ, पारदर्शी एवं नैतिक कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में श्री योगेश शास्त्री ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
