छत्तीसगढ़

आयुर्वेद दिवस पर बीएसपी में रक्तदान एवं पौधारोपण सहित विविध आयोजन

Various events, including blood donation and tree plantation, held at BSP on Ayurveda Day.

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 23 सितंबर 2026 को स्वास्थ्य केंद्र, सेक्टर-7 तथा जेएलएन हॉस्पिटल, सेक्टर-9 में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जेएलएन हॉस्पिटल, सेक्टर-9 में आयुष सोसाइटी ऑफ क्लिनिकल आयुर्वेद, भिलाई-दुर्ग द्वारा रक्तदान शिविर एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया वहीं स्वास्थ्य केंद्र, सेक्टर-7 में पोस्टर प्रेजेंटेशन, औषधि निर्माण प्रक्रिया का उद्घाटन एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।

 

जेएलएन हॉस्पिटल में रक्तदान एवं पौधारोपण कार्यक्रम

आयुष सोसाइटी ऑफ क्लिनिकल आयुर्वेद, भिलाई-दुर्ग द्वारा आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जेएलएन हॉस्पिटल, सेक्टर-9 में रक्तदान शिविर एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुष सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. मणि शर्मा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. उदय कुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. नीली कुजूर, उप प्रबंधक श्री राजीव कुमार शर्मा, श्री संजय फुलझेले एवं डॉ. राजू भैंसारे सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

 

मुख्य अतिथि डॉ. उदय कुमार ने संस्था को प्रकृति संरक्षण के लिए अधिक से अधिक आयुर्वेदिक एवं औषधीय पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस कार्य में स्वयं भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आश्वासन दिया।

 

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने रक्तदान किया, जिससे शिविर में कुल 12 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। इस अवसर पर औषधीय पौधों के रोपण के अंतर्गत आंवला, अर्जुन, पलाश एवं अश्वगंधा के पौधे लगाए गए। रक्तदाताओं को रक्तदान के पश्चात फल, जूस एवं बिस्किट वितरित किए गए।

 

कार्यक्रम में डॉ. मुकेश जैन, डॉ. अनुज खरे, डॉ. उषा, डॉ. वैशाली, डॉ. निशांत गुप्ता, डॉ. संस्कृति गुप्ता एवं डॉ. मनीषा इचे एवं डॉ. निशांत गुप्ता सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे। इस आयोजन में डॉ. प्रदीप चौधरी, डॉ. नीरज शर्मा तथा एस.जी. फाइटो फार्मा के प्रबंधक एवं मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव भी उपस्थित रहे।

अंत में आयुष सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. मणि शर्मा ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य केंद्र, सेक्टर-7 में आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम 

इसी क्रम में बीएसपी स्वास्थ्य केंद्र, सेक्टर-7 में आयोजित कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. उदय कुमार के मुख्य आतिथ्य तथा अध्यक्ष, भिलाई चिकित्सक न्यास श्री संजय कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. उदय कुमार एवं अध्यक्ष श्री संजय कुमार द्वारा पोस्टर प्रेजेंटेशन तथा औषधि निर्माण प्रक्रिया का उद्घाटन कर किया गया।

 

मुख्य अतिथि डॉ. उदय कुमार ने भिलाई चिकित्सक न्यास द्वारा संचालित आयुर्वेदिक विभाग की कार्यप्रणाली एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं की सराहना की। उन्होंने पंचकर्म चिकित्सा एवं औषधि निर्माण प्रक्रिया के संचालन में हरसंभव सहयोग प्रदान करने की बात कही। वर्तमान समय में आयुर्वेदिक चिकित्सा की उपयोगिता तथा जटिल रोगों के उपचार में पंचकर्म चिकित्सा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पंचकर्म को पूर्ण शोधन चिकित्सा पद्धति बताते हुए इसके प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। स्वास्थ्य केंद्र, सेक्टर-7 में पंचकर्म विभाग द्वारा किए जा रहे सफल उपचार कार्यों की भी उन्होंने सराहना की तथा भिलाई में संचालित सेल के एकमात्र आयुर्वेदिक विभाग के संचालन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

 

इस अवसर पर प्रभारी (आयुर्वेदिक विभाग) डॉ. राजेश वर्मा ने पोस्टर प्रेजेंटेशन के माध्यम से पंचकर्म चिकित्सा पद्धति एवं औषधि निर्माण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आयुर्वेद दिवस आयोजन के उद्देश्य एवं आयुर्वेद की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे जनसामान्य तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अपने 35 वर्षों के चिकित्सकीय अनुभव का उल्लेख करते हुए आयुर्वेदिक चिकित्सा के माध्यम से मरीजों के सफल उपचार से जुड़े अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम के दौरान औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया।

 

अध्यक्ष (भिलाई चिकित्सक न्यास) श्री संजय कुमार ने चिकित्सक न्यास की विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में डॉ. कौशिक ने उपस्थित अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button